संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और झालरों से सजाया गया, वहीं बाबा श्याम और लड्डू गोपाल के स्वरूप को भव्य शृंगार से अलंकृत किया गया। खासतौर पर लड्डू गोपाल के लिए सजाया गया पालना श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना, जिसमें श्रद्धालुओं ने भगवान को झूला झुलाकर जन्मोत्सव का आनंद लिया।
इस मौके पर सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लगी कतारें मंदिर के बाहर तक फैल गईं। भक्ति गीतों और जयकारों से गूंजते माहौल में श्रद्धालु नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के स्वर में भाव-विभोर दिखाई दिए।
इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि मंदिर में हर एकादशी पर विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन होता है और दूर-दराज़ से लोग यहां बाबा श्याम के दर्शन करने आते हैं। इस अवसर पर मुख्य सेवक देसराज गुप्ता के साथ राजेश गर्ग, महेंद्र गुप्ता, अनिल गर्ग, राम करण, अशोक सिंघला, पवन गुप्ता, राजेश सिंघला आदि मौजूद रहे।