करनाल। इंद्री में एक दुकान पर ग्राहक बनकर आए अज्ञात युवक ने दुकानदार का लोअर उतरवाकर 30 हजार रुपये चोरी कर लिए। इसके बाद आरोपी सामान के रुपये चुकाए बिना भाग गया। चोरी की सूचना इंद्री थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
इंद्री के वार्ड नंबर 8 निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उनकी जूते-चप्पल और कपड़ों की दुकान है। शनिवार सुबह एक युवक दुकान पर आया और उन्हें अपना लोअर उतारकर दिखाने को कहा। उन्होंने खुद का लोअर उतारकर एक तरफ रख दिया और युवक को सामान दिखाने लगा। युवक ने दुकानदार के लोअर की जेब में रखे करीब 30 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद युवक ने दुकानदार से सामान लिया और सामान सहित चला गया।
इंद्री थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।