करनाल। विदेश भेजने के नाम पर 14 लाख 12 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने की आरोपी मोहाली के एसएएस नगर स्थित सुहाना हाइट्स अपार्टमेंट निवासी महिला स्मृति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है।
रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जाएगी। सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि शिकायतकर्ता निखिल त्यागी की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने 14 अक्तूबर 2025 को कनाडा भेजने के नाम पर धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि महिला आरोपी व उसके साथियों ने कनाडा भेजने का झांसा देकर 14 लाख 12 हजार रुपये की धोखाधड़ी की है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस पहले ही महिला आरोपी के साथी सुनंदन पठानिया को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान महिला आरोपी से गहनता से पूछताछ कर पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।