किसान, जवान और खिलाड़ियों को साध गए शाह
बोले- देश के अन्न भंडार में हरियाणा का बड़ा योगदान, खेलों में भी धाकड़ खिलाड़ियों ने ऊंचा किया नाम
सीमाओं की सुरक्षा में भी यहां का जवान नहीं रहा पीछे
- राममयी रहा गृहमंत्री का संबोधन, जय श्री राम से शुरुआत और समापन
- कर्ण नगरी के सभी धर्म स्थलों को प्रणाम करके कराया अपनेपन का अहसास
गगन तलवार
करनाल। लोकसभा चुनाव के दौरान हरियाणा में अपनी पहली जनसभा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरियाणा के किसान, जवान और खिलाड़ियों को साध गए। उन्होंने कहा कि हरियाणा का किसान देश का पेट भर रहा है और यहां का जवान सीमा पर देश की रक्षा मुस्तैद है, जबकि खिलाड़ी पदक लाकर झंडे गाड़ रहे हैं।
गृहमंत्री ने कहा कि हरियाणा पूरे देश की भूख मिटाने वाले राज्यों में से एक है। देश के अन्न भंडार में सबसे बड़ा योगदान मेरे हरियाणा के किसानों का है। देश की सीमाओं की सुरक्षा में भी हरियाणा का जवान पीछे नहीं है। इसके अलावा खेल कहीं भी हो, खेला कहीं भी जाता हो। राष्ट्रीय हो या अंतरराष्ट्रीय हो, पदकों की सूची देखें तो मेरे हरियाणा के धाकड़ खिलाड़ियों का नाम सबसे ऊपर होता है। इन तीनों के लिए पीएम मोदी ने बड़े-बड़े काम किए। ढेर सारा इंफ्रास्ट्रक्चर, पारदर्शिता और सुविधाओं की व्यवस्था की। जिसका सबसे बड़ा फायदा हरियाणा के खिलाड़ियों को मिला है।
इससे पहले विजय संकल्प रैली में अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत और समापन जय श्री राम के जयघोष से किया। करीब 22 मिनट के भाषण के दौरान उन्होंने चार बार राम मंदिर का जिक्र किया। भाषण के दौरान उन्होंने अपनी चुनावी बातों को शुरू करने से पहले कर्ण नगरी के सभी तीर्थ एवं धर्म स्थलों का नाम लेकर प्रणाम भी किया। जिनमें मंजी साहिब गुरुद्वारा, पक्का पुल धाम, पाखड़ी माता मंदिर, चुलकाना, हथीरा मंदिर आदि शामिल हैं। इससे शाह ने हर धर्म के लोगों को अपनेपन का अहसास कराया। इसके बाद उन्होंने विपक्ष को घेरते हुए और दस सालों में केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से जनहित में चलाई योजनाओं व उपलब्धियों से सभी में जोश भरा।