डिफेंस कॉलोनी और आदर्श कॉलोनी के बाद अब रेलवे लाइन पार भट्टा कॉलोनी में भी सीवरेज पाइप बिछाने के काम पर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से निर्माण कार्य में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। ठेकेदार की ओर से सीवर लाइन बिछाने का काम रात में बिना रोशनी के ही किया जा रहा है। विभाग के अधिकारियों का दावा है कि अगर काम गुणवत्तापूर्वक नहीं किया गया तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
लोगों का कहना है कि यह तेजी कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि निर्माण में हो रही खामियों को छिपाने के लिए दिखाई जा रही है। मौके पर देखा गया कि पाइपों को बिना उचित बेड (रेत या कंक्रीट की आधार परत) तैयार किए सीधे गड्ढों में डाल दिया गया और ऊपर से मिट्टी डालकर ढक दिया गया। इससे पाइपलाइन की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल उठ रहे हैं। कार्यस्थल पर न तो ठेकेदार मौजूद था और न ही विभाग का कोई अधिकारी।
एक्सईएन संजय शर्मा ने कहा है कि रात के अंधेरे में निर्माण कार्य नहीं हो सकता और अगर निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कोई त्रुटि पाई जाती है तो दोबारा कार्य करवाया जाएगा संबंधित ठेकेदार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।