तरावड़ी। नगर में गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था सुधरेगी। बुधवार को विधायक भगवान दास कबीरपंथी ने तरावड़ी सत्संग भवन के पास तीन करोड़ रुपए की लागत से बनने जा रही सीवर लाइन बनाने के कार्य का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास करना उनका लक्ष्य है।
विधायक भगवानदास कबीरपंथी के यहां पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। विधायक ने कहा कि सीवरेज लाइन बिछाने से आसपास के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। गलियों में गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हल्के में लगातार अलग-अलग परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया जा रहा है, जिसका लाभ सीधे आमजन को मिल रहा है। कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत हर क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं। हर क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के विकास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही चहुंमुखी विकास को बढ़ावा देने पर बल दिया गया है और अंत्योदय की भावना से हम आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का यही प्रयास रहा है कि विकास के मामले में प्रदेश के किसी भी क्षेत्र को अछूता नहीं रहने दिया जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो वादे किए हैं उन्हें अवश्य पूरा किया जाएगा। उनका भी हमेशा यही प्रयास रहा है कि हलके में अधिक से अधिक विकास कार्य संपन्न हों और वे आगे भी हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहेंगे।
मौके पर राकेश गर्ग, देवेंद्र कामरा, रंजीत भारद्वाज, पार्षद नरेश गाबा, पार्षद सुरेंद्र खुराना, पार्षद ओमप्रकाश मल्होत्रा, आत्म प्रकाश, संदीप पसरीचा, तरुण कुमार आदि कई लोग मौजूद रहे।