इनेलो लोकसभा चुनाव समिति की बैठक सोमवार को पिपली रेस्ट हाउस में हुई। इस बैठक में कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से इनेलो का टिकट पाने के इच्छुक 17 दावेदारों ने आवेदन दिए। मजेदार बात तो यह है कि इनेलो टिकट पाने के लिए शाहाबाद से एक भाजपा नेता भी लाइन में है।
कमेटी के वरिष्ठ सदस्य एवं राज्यसभा सांसद रणवीर गंगवा ने बताया कि कमेटी के सदस्यों ने कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों से प्रत्याशी के संबंध में राय जानी।
बैठक में इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा विशेष रूप से उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त कमेटी के सभी नौ सदस्य रणवीर गंगवा सांसद, नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य राजकुमार कश्यप, पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचंद गहलोत, राष्ट्रीय महासचिव आरएस चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनंत राम तंवर, पूर्व विधायक निशान सिंह कांबोज, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जाहिद खान और अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बलदेव वाल्मीकि उपस्थित थे।
गंगवा ने बताया कि सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एकमत से यह कहा कि जिसे भी पार्टी हाईकमान प्रत्याशी बनाएगा, सभी कार्यकर्ता तन-मन-धन से चुनाव में उसे विजयी बनाकर लोकसभा में भेजेंगे।
कमेटी के सदस्यों ने आवेदन करने वाले प्रत्याशियों को अकेले-अकेले बुलाकर उनका इंटरव्यू लिया और उसके पश्चात कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले सभी नौ विधानसभा हलकों कलायत, पूंडरी, कैथल, गुहला, पिहोवा, शाहाबाद, थानेसर, लाडवा व रादौर से आए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रत्याशी के बारे में राय जानी।
कमेटी के सदस्यों ने इस संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्र के विधायकों, पूर्व विधायकाें, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों, जिला प्रधानों, हलका प्रधानों व जिला संयोजकों से प्रत्याशी से संबंध में विचार-विमर्श किया। आवेदन करने वाले सभी 17 प्रत्याशियों ने भी कमेटी के सदस्याें को विश्वास दिलाया कि पार्टी हाईकमान जिसे भी चुनाव मैदान में उतारेगा वें तन-मन-धन से उसकी सहायता करेंगे।
कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से इनेलो प्रत्याशी के लिए आवेदन करने वालों में पूर्व मंत्री बलबीर सैनी, पूर्व मंत्री केएल शर्मा, जिला परिषद कुरुक्षेत्र के चेयरमैन प्रवीण चौधरी, कैथल के जिला प्रधान कैलाश भगत, थानेसर के नगर पार्षद नरेंद्र शर्मा निंदी, जिला इनेलो प्रवक्ता रामपाल शर्मा, धर्मपाल छोत, एसजीपीसी की पूर्व सदस्या बीबी रविंद्र कौर, नसीब सिंह, इनेलो के प्रदेश कोषाध्यक्ष पारस मित्तल, सेवानिवृत्त एचसीएस अधिकारी मांगेराम ढुल, हरिकिशन, सुरेश खेड़ी, महेंद्र शर्मा, कैथल के रणबीर पराशर, जयसिंह व भाजपा नेता रणजीत रैना (शाहाबाद) शामिल है।
भाजपा नेता ने मांगा इनेलो टिकट
मूल रूप से कश्मीर के निवासी और अब शाहाबाद में रहने वाले भाजपा नेता रणजीत रैना ने भी इनेलो टिकट के लिए आवेदन किया है। रैना ने चुनाव समिति को बताया कि वह भाजपा से जुड़े हुए हैं, लेकिन हरियाणा में भाजपा काफी कमजोर है और कांग्रेस को हराने में सक्षम नहीं है। इसलिए उन्होंने कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से इनेलो प्रत्याशी के लिए आवेदन किया है। उन्हाेंने कहा कि इनेलो ही कांग्रेस को हरा सकती है।