शाहाबाद के विधायक अनिल धंतौड़ी के निवास का घेराव कर अतिथि अध्यापकों ने एक समय का अन्न ग्रहण नहीं करने की शपथ ली है। अपनी मांगों को लेकर शाहाबाद में गरजे गेस्ट टीचर्स प्रदर्शन के दौरान जोशीले मूड में नजर आए।
इससे पहले प्रदर्शनकारी रणबीर सिंह हुड्डा पार्क में एकत्रित हुए और यहां से नारेबाजी करते हुए उन्होंने विधायक निवास की ओर रुख किया। अतिथि अध्यापक गोगा माड़ी रोड, अशोका पैलेस, लाडवा रोड से होते हुए जीटी रोड पहुंचे और फिर विधायक निवास का घेराव किया।
प्रदेश प्रवक्ता राजेश शर्मा ने कहा कि शाहाबाद ब्लॉक के गांव झरौली का अध्यापक कुलदीप सिंह पिछले नौ दिनों से दिल्ली में आमरण अनशन पर है, लेकिन न तो विधायक और न ही सरकार के किसी भी प्रतिनिधि ने उससे और उसके परिजनों से मिलना उचित नहीं समझा। उन्होंने कहा कि कुलदीप की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
शर्मा ने सभी अतिथि अध्यापकों से कुलदीप के लिए दुआ करने का भी आह्वान किया। शाहाबाद ब्लॉक प्रधान कुलबीर कौशिक ने बताया कि हरियाणा में लगभग 15 हजार अतिथि अध्यापक सरकारी स्कूलों में पिछले आठ वर्षों से पूरी निष्ठा व ईमानदारी से अपना कार्य कर रहे है, लेकिन सरकार ने इनके भविष्य को लेकर कोई भी उचित कदम नहीं उठाया।
हरियाणा के सभी अतिथि अध्यापक नियमित करने की मांग को लेकर 9 फरवरी से दिल्ली के जंतर मंतर पर आमरण अनशन पर बैठे हैं, लेकिन सरकार ने उनकी कोई सुध नहीं ली।
इससे स्पष्ट हो गया है कि सरकार को अतिथि अध्यापकों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सरकार ने अतिथि अध्यापकों को नियमित करने के लिए कोई तत्परता नहीं दिखाई, तो अतिथि अध्यापक अपने आंदोलन को उग्र रूप देंगे। अतिथि अध्यापक अपने रोजगार को बचाने के लिए कोई भी कुर्बानी देने से पीछे नहीं हटेंगे और आने वाले चुनावों में सरकार का विरोध करेंगे।
इस अवसर पर रेखा इस्माईलाबाद, मिहां सिंह रंगा, सुनील सैनी, निर्मल खरींडवा, राजेश कुमार, मिहां सिंह, हरमन सिंह, संजय कुमार, राम कुमार, नेकचंद, सुशील कुमार, अमरजीत, शालिनी, राजेश, वीना, सुनीता, मनोज, सुखविंद्र, कपिल, नीलम, नीरू आदि सहित सैकड़ों अतिथि अध्यापक मौजूद थे।
जीटी रोड पर रेंगते रहे वाहन
गेस्ट टीचरों की ओर से नगर में किए गए प्रदर्शन का असर जीटी रोड पर पर देखने को मिला। प्रदर्शन के दौरान जब तक गेस्ट टीचर जीटी रोड पर रहे, तब तक वहां वाहन रेंगते नजर आए। यह सब करीब 20 मिनट तक चलता रहा।