संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में डेंगू के केस बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार को जिले में डेंगू के 7 केस सामने आए हैं। ऐसे में डेंगू के केसों का आंकड़ा 486 तक पहुंच चुका है। सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की कतारें लगी हैं।
उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि विभाग की टीमें अलर्ट मोड में रोजाना घर-घर जाकर मच्छर का लार्वा को तलाश कर उन्हें नष्ट करवा रही हैं। इसके साथ ही आमजन को डेंगू से बचाव बारे सचेत व जागरूक भी कर रही हैं। जिले में गठित टीमों ने अब तक 1348235 घरों को कवर कर लिया हैं। जिसमें से अभी तक 9745 घरों में लार्वा मिल चुका है।
टीमों ने कुल 4955 मकान मालिकों को नोटिस थमाया है। वहीं जिले में बुखार से पीड़ित कुल 13712 संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर जांच की जा चुकी है। क्षेत्र में मच्छर प्रजनन स्थलों को चिह्नित कर व मच्छर प्रजनन रोकने के उपाय के बारे में आम जनता को जागरूक किया जा रहा है।
उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा कहा कि अपने घर के आस-पास पानी जमा ना होने दें, क्योंकि खड़े हुए पानी में ही मच्छर पनपता है। प्रत्येक रविवार को ड्राई डे मनाएं। कूलर, पशु व पक्षियों के पानी के बर्तनों होदी को अवश्य सुखाकर ही पानी भरे। यदि कूलर उपयोग में ना लाये जा रहे है तो रगड़कर साफ करके सुखाकर ही रखें।
पानी के भरे हुए तालाब व गड्ढों को मिट्टी से भर दें और यदि संभव न हो तो हर सप्ताह उस में काला तेल डाल दें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहने, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें या मच्छर नाशक क्रीम का प्रयोग करें। घर के दरवाजे व खिड़कियों पर उपयुक्त जाली इस्तेमाल करें।