संवाद न्यूज एजेंसी करनाल। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के परिसर में स्थापित निर्मल कुटिया के केबिन के शीशे पर लगा प्लास्टिक का तिरंगा एक सेवादार ने फाड़ दिया। इस पर परिसर में मौजूद अस्पताल के स्टाफ ने आपत्ति जताई और डायल 112 को कॉल किया। पुलिस को की गई शिकायत पर केबिन में मौजूद दो सेवादारों ने आनन-फानन में फिर से तिरंगे को शीशे पर लगा दिया, लेकिन मौके पर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपी सेवादार को हिरासत में ले लिया। साथ ही थाने लाकर उससे पूछताछ की जाती रही।
जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के परिसर में निर्मल कुटिया की ओर से मरीजों की सेवा की जाती है। आईपीडी ब्लॉक के मुख्य द्वार पर इनका एक केबिन हैं, जिसमें सेवादार बैठते हैं। रविवार की सुबह किसी ने केबिन के शीशे पर टेप के जरिए प्लास्टिक का तिरंगा लगा दिया। इसके बाद निर्मल कुटिया के एक सेवादार ने जब केबिन के शीशे पर तिरंगा लगा देखा तो उसने फाड़ कर पास में रखे डस्टबिन में फेंक दिया। इस करतूत को एक स्टाफ ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। उसने सेवादार से तिरंगे को डस्टबिन से उठाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में नोकझोंक हो गई। इसके बाद अस्पताल स्टाफ ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। पुलिस को की गई शिकायत के बाद सेवादार ने आनन-फानन में चार-पांच कागज के बने तिरंगे को फिर से केबिन के शीशे पर लगा दिया। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपी सेवादार को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने ले गई।
मेडिकल कॉलेज में निर्मल कुटिया के सेवादार की ओर से तिरंगा झंडा फाड़ने की सूचना मिली थी। इसके बाद आरोपी सेवादार को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ पूरी होने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
- ललित कुमार, थाना प्रभारी, सिविल लाइन, करनाल।