संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। रिश्वत के मामले में नगर निगम के एसई दीपक किग्गर की अग्रिम जमानत याचिका सेशंस कोर्ट ने खारिज कर दी है। साथ ही पुलिस ने आरोपी एसई की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। मामले में अब एसई की ओर से हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जा सकता है।
मामले की जांच कर रहे डीएसपी मुकेश ने बताया कि नगर निगम के एसई दीपक किग्गर ने आधा प्रतिशत कमीशन सेट किया हुआ था। आधा प्रतिशत कमीशन मिलने के बाद ही फाइल आगे बढ़ती थी। यह खुलासा एसई के पीए विकास शर्मा ने एक दिन के पुलिस रिमांड के दौरान किया था। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि आरोपी एसई फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और कोर्ट से अग्रिम जमानत का प्रयास कर रहे हैं। दूसरी ओर पुलिस की ओर से आरोपी एसई दीपक किग्गर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
गौरतलब है कि नगर निगम में एसई कार्यालय में रिश्वत लेने के 32 वीडियो सामने आ चुके हैं। उनकी जांच के बाद ही एडीसी योगेश कुमार की रिपोर्ट पर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया गया है। वीडियो के अनुसार हर रोज रिश्वत के 70-80 हजार रुपये लेने का अनुमान है। इन वीडियो में एसई दीपक किग्गर और उसका पीए विकास शर्मा रुपये लेते नजर आ रहे हैं। वहीं जेई व ठेकेदार रुपये देते हुए नजर आ रहे हैं। संवाद