करनाल। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के बीच बुधवार को अतिरिक्त उपायुक्त योगेश कुमार, नगराधीश अभय जांगड़ा व जिला शिक्षा अधिकारी राजपाल चौधरी की उपस्थिति में सांस्कृतिक कार्यक्रम की टीमों का चयन किया गया। चयनित टीमों में ओपीएस विद्या मंदिर स्कूल के विद्यार्थी वंदे मातरम, डीपीएस स्कूल के विद्यार्थी देश भक्ति गीत, डीएवी पुलिस लाइन स्कूल के विद्यार्थी पंजाबी गिद्दा, दयाल सिंह पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी देश भक्ति पर नृत्य प्रस्तुति व विभिन्न राजकीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा हरियाणवी नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान के खेल मैदान में समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। स्कूली बच्चों ने सामूहिक मास पीटी शो, लेजियम डंबल व सूर्य नमस्कार योग क्रिया का पूर्वाभ्यास किया। परेड में शामिल होने वाले हरियाणा पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी आर्मी विंग, एनसीसी एयर विंग की प्लाटून ने भी पूर्वाभ्यास किया। अतिरिक्त उपायुक्त योगेश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
13 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। रिहर्सल का निरीक्षण उपायुक्त निशांत कुमार यादव व पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया करेंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह में सामाजिक दूरी के नियम का पूरा ध्यान रखा जाएगा। समारोह स्थल पर पर्याप्त मात्रा में मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध होंगे। बिना मास्क कोई भी समारोह में भाग नहीं ले सकेगा। कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें स्वास्थ्य, आयुष विभाग, पुलिस विभाग व समाजसेवी संस्थाओं के सदस्य शामिल रहेंगे।