करनाल। किसान आंदोलन के चलते टकराव की आशंका को देखते हुए भाजपा जिला कार्यकारिणी की बैठक में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। सुबह 8 बजे से ही कार्यक्रम स्थल के आसपास क्षेत्रों में छावनी सा माहौल दिखाई पड़ने लगा था। न केवल रेलवे रोड के होटल प्रेम प्लाजा पर पुलिस तैनात रही, बल्कि शहर भर में जगह-जगह रोजाना बने रहने वाले प्रदर्शन स्थलों पर भी पुलिस की तैनाती रही। वहीं रेलवे रोड को पूरी तरह से सील रखा गया था। ऐसे में इस रूट पर चलने वाले ट्रैफिक को अलग अलग मार्गों पर डायवर्ट करने से कई बार जाम की स्थिति बनी और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
जिला कार्यकारिणी की बैठक को लेकर मछली मार्केट से लेकर निरंकारी भवन तक के रास्ते पर आठ जगह पर बैरिकेडिंग की गई थी। ये आठ जगह वो थी, जहां से गलियों से माल रोड या सदर बाजार, हांसी चौक आदि अन्य बाजार जुड़े थे। ऐसे में राहगीरों के अलावा स्थानीय निवासियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई परिवार को दोपहर 12 बजे से शाम करीब पांच बजे तक सील हुए रास्तों के कारण परेशान होना पड़ा। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से कई लोग रास्ता न मिलने के कारण उलझते भी दिखाई दिए। -ब्यूरो
यहां रहा जाम, लोग हुए परेशान-
-माल रोड पर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में भी सीएम गए थे, इसलिए यहां भी पुलिस तैनात रही
-रेलवे रोड बंद होने के कारण लोगों को माल रोड या सदर बाजार की तरफ से गुजरना पड़ा
-इब्राहिम मंडी के लिए राजकीय कन्या स्कूल की तरफ से रास्ता जाता है। ऐसे में माल रोड की तरफ से आने वाले वाहनों को लंबा चक्कर काटना पड़ा
-सुभाष कालोनी व मेयर आवास के पास के लोगों को हांसी चौक की तरफ जाने के लिए भी माल रोड की तरफ से निकलना पड़ा
-मेडिकल कॉलेज में भी सीएम गए, इसलिए कुछ समय के लिए एनडीआरआई रोड, मेडिकल कालेज रोड, लिंक रोड, दयाल सिंह कालेज रोड, सेक्टर-12 रोड और कुंजपुरा रोड पर ट्रैफिक बाधित हुआ