जिले की पांचों विधानसभा में रविवार को चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। शाम को छह बजे मतदान बंद होने के बाद देर रात तक सभी ईवीएम शहर में बनाये गये पांच स्ट्रांग रूम पर जमा की गई। जिनकी सुरक्षा में पुलिस द्वारा सुरक्षा के तीन घेरे बनाए हैं। इनमें पहले घेर में जिला पुलिस, दूसरे घेर में आईआरबी और तीसरे घेर में पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर दी गई हैं। पांच स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की बात करें तो 13 प्लाटून इनकी सुरक्षा कर रही है। इनमें तीन प्लाटून जिला पुलिस की, पांच आईआरबी और पांच पैरामिलिट्री फोर्स की हैं। एक प्लाटून में 35 से 40 जवान तैनात हैं। वहीं इन स्टॉग रूम के बाहर आस पास के क्षेत्र में भी लोगों को आवागमन बंद कर दिया गया है। वहां पर पुलिस द्वारा नाका लगा दिया गया है। 24 अक्तूबर सुबह तक फोर्स इन स्ट्रॉंग रूम के बाहर तैनात रहेगी और इसी दिन काउंटिंग भी शुरू की जायेगी।
कुंजपुरा रोड पर रोकी पोलिंग पार्टी
कुंजपुरा रोड पर करीब साढ़े बजे कुंजपुरा की ओर से आ रही पोलिंग पार्टी की बस को बुढ़ाखेड़ा के समीप गंदे नाले के पास रोक लिया। वहां कुछ लोगों ने ईवीएम को बदलने के आरोप लगाये लेकिन जब वहां पर पुलिस ने सख्ती दिखाई तो वे व्यक्ति वहां से दौड़ गये।
कई बूथों पर खराब हुई ईवीएम
रविवार को सभी 1142 बूथों पर सुचारु मतदान हुआ। करीब सात बूथों पर ही ईवीएम खराब होने व देरी से मतदान शुरू होने की सूचना आई थी। जहां पर कुछ समय बाद ही दोबारा से मतदान सुचारु रूप से करा दिया गया।
विधानसभा - स्ट्रांग रूम
करनाल - डीएपी पीजी कॉलेज, करनाल।
इंद्री - डीएपी पब्लिक स्कूल, करनाल।
नीलोखेड़ी - दयाल सिंह कॉलेज, करनाल।
घरौंडा - कर्ण स्टेडियम स्केटिंग हॉल।
असंध - एसबीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, करनाल।
सभी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव शांतिपूर्ण हुआ है। कहीं भी कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। 24 अक्टूबर को काउंटिंग शुरू होगी। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिये सुरक्षा के तीन घेरे बनाए हैं। - सुरेंद्र सिंह भौरिया, एसपी करनाल।