करनाल/घरौंडा। घरौंडा के दिल्ली चुंगी चौक पर रविवार सुबह सड़क हादसे में 55 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड राजकुमार खुराना की जान चली गई। सुबह की सैर कर साइकिल पर घर लौट रहे राजकुमार को पीछे से आई हरियाणा रोडवेज की झज्जर डिपो की बस ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर भाग गया।
घरौंडा निवासी राजकुमार एक फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड थे। परिजन के अनुसार, राजकुमार रोजाना सुबह सैर के लिए हर्बल पार्क जाते थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा होते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राजकुमार के शव को कब्जे में लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए करनाल के शवगृह भेज दिया गया।
मृतक के परिजन ने हादसे के जिम्मेदार बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि बस चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। घरौंडा पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी दीपक का कहना है कि शिकायत के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।