करनाल। मुगल कैनाल में जिले के ज्योतिष, वास्तु विशेषज्ञ, हस्तरेखा विशेषज्ञ और लाल किताब विद्वान दूसरी बार एक ही मंच पर एकत्रित हुए। इस प्रभावी ज्योतिष मंच करनाल की सभा की अध्यक्षता हरियाणा गौरव सम्मान से विभूषित आचार्य महावीर प्रसाद शास्त्री ने की, जबकि संयोजन की भूमिका आचार्य रवि इंद्र मोहन शर्मा ने निभाई।
आचार्य महावीर प्रसाद शास्त्री ने कहा कि इस संगठन की स्थापना का मुख्य ध्येय है, समाज में फैली हुई भ्रांतियों को समाप्त करना और आमजन को प्राचीन वैदिक विद्या के असली स्वरूप व लाभों से परिचित कराना। डॉ. हरीश दत्त शर्मा ने घोषणा की कि प्रत्येक माह बैठक और गरीबों के लिए नि:शुल्क शिविर आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि इस मंच का उद्देश्य है, सच्चा, स्पष्ट और जीवनोपयोगी मार्गदर्शन उपलब्ध कराना होगा। इस सभा में करनाल और आसपास के क्षेत्रों से पधारे विद्वानों में अमीर चंद शर्मा, रूपेंद्र मिश्र, कृष्ण आहूजा, दीपक, शेखर, युगल किशोर, विकास बत्रा, दसुनील रहेजा व अन्य उपस्थित रहे।