करनाल। आर्यकुलम् इंटरनेशनल स्कूल में फीस के नाम पर अभिभावकों से रुपये लेने और रकम स्कूल के खातों में जमा नहीं कराने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। मूनक थाना पुलिस ने गांव मूनक निवासी रविंद्र को पकड़ा है। मूनक थाना प्रभारी शीशपाल ने बताया कि पुलिस अब रविंद्र से पूछताछ कर इस रकम के लेन-देन और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
विशेष ऑडिट की अंतरिम रिपोर्ट में करीब 1.75 करोड़ रुपये की हेराफेरी सामने आई थी। इस मामले में पुलिस पहले से ही अकाउंटेंट दिनेश को काबू कर चुकी है। रविंद्र मुख्यारोपी का भाई है। इसके बैंक खाते में भी ट्रांजेक्शन हुई थी। पुलिस के अनुसार, स्कूल के जनरल सेक्रेटरी कुलदीप ने 25 सितंबर को शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि स्कूल में फरवरी 2022 से अगस्त 2026 तक अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत रहे दिनेश ने अभिभावकों से फीस की रकम स्कूल के बजाय अपने निजी बैंक खातों में जमा करवाई। कुछ अभिभावकों से नकद फीस लेने के बाद उसे स्कूल के खातों में जमा नहीं कराया गया।
इस वर्ष इतनी गड़बड़ी का आरोप
- वर्ष 2022 : 8.66 लाख रुपये दिनेश के खाते में फीस के रूप में पहुंचे। बाद में रसीदें कैंसिल की।
- वर्ष 2023 : 13 फरवरी को 7,000 रुपये की रसीद कैंसिल कर उसी तारीख की दूसरी रसीद जारी करने का आरोप।
- वर्ष 2024 : 11 मई को एक अभिभावक ने तीन बच्चों की 9,100 रुपये फीस दिनेश के एचडीएफसी खाते में जमा कराई। आरोप है कि इसके बदले 10 मई की बैकडेट में तीन रसीदें काटी गईं।
- वर्ष 2025 : 10 फरवरी को 93,500 रुपये की फीस अपने और 26 दिसंबर को पत्नी के खाते में 3,150 रुपये फीस के जमा हुए। रसीदों में बैकडेट का आरोप है।
- वर्ष 2026 : अंतरिम ऑडिट में 76.12 लाख रुपये नकद फीस स्कूल खाते में जमा नहीं होने का दावा है। इसके अलावा 11 अगस्त को दो बच्चों की 11,900 रुपये खाते में लेने और 21 मार्च को 41,800 रुपये नकद लेकर बैकडेट रसीद काटने का आरोप है।