माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। एसडीएम साहब... परिवार पहचानपत्र की त्रुटियां दुरुस्त करवाएं, इसके अलावा दूसरे फरियादी ने सेक्टर-37 के पास बदहाल नाले की मरम्मत कराने और बरसाती पानी की निकासी कराने की मांग उठाई। वीरवार को एसडीएम प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में समाधान शिविर का आयोजन हुआ।
शिविर में एसडीएम ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। करनाल शिविर में तीन, उपमंडल नीलोखेड़ी, घरौंडा व असंध में एक-एक शिकायत आईं। वहीं उपमंडल इंद्री में आयोजित शिविर में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। एसडीएम ने कहा कि शिविरों के जरिये नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लें, इसमें कोई भी लापरवाही न बरती जाए।
समाधान शिविर में आईं समस्याएं
- करनाल निवासी जोगिंद्र कुमार ने बिजली विभाग से संबंधित शिकायत की।
- कर्म सिंह ने सेक्टर-37 व 43ए से गुजर रहे बरसाती पानी के नाले को सुदृढ़ करने की मांग रखी।
- हिमांशु ने परिवार पहचानपत्र से आय व नाम संबंधित संशोधन की मांग की।
- नीलोखेड़ी के गुरदीप सिंह ने बीपीएल कार्ड से संबंधित समस्या रखी।
- घरौंडा के सुनील ने बिजली कट और लटकते तारों की समस्या रखी।
- असंध के गौरव ने परिवार पहचानपत्र की त्रुटि ठीक कराने की गुहार लगाई।