करनाल। हांसी रोड निवासी सौरभ का शव नहर से मिल चुका है। परिजनों ने सौरभ की हत्या का आरोप लगाया है, क्योंकि उसकी गर्दन, छाती सहित शरीर के कई जगहों पर चोटों के निशान हैं। परिजनों ने इसके लिए प्रिंस नाम के व्यक्ति पर शक जताया है। उसने सौरभ से रुपये भी लिए हैं।
13 सितंबर को सौरभ का बैग नगर के किनारे मिला था। मामले को लेकर परिजनों ने एसपी से भी गुहार लगाई है। वीरवार को सौरभ के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। हांसी रोड निवासी सौरभ के पिता सतपाल ने बताया कि उसका 23 वर्षीय बेटा सौरभ प्राइवेट अस्पताल में कंपाउंडर था। रविवार को वह अस्पताल में गया था। उस अस्पताल के डाक्टर का कहना है कि वह शाम करीब 8 बजे उसे हांसी रोड पर छोड़कर चला गया था, क्योंकि वे दोनों कैथल गए थे लेकिन रात को सौरभ घर नहीं पहुंचा। अगले दिन सुबह पुलिस का ही उनके पास फोन आया कि सौरभ का मोबाइल व बैग नहर की पटरी पर पड़े हैं। उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो वहां पर एक कोल्ड ड्रिंक्स की बोतल, बैग में सौरभ के कपड़े, एक सर्जरी ब्लेड का कवर भी पड़ा था। साथ ही खून के धब्बे भी थे। दो दिन बाद सौरभ का शव नहर से मिला है। उसके शरीर पर चोट के निशान भी हैं। उन्हें शक है कि उसके बेटे की हत्या की गई है।
वर्जन
-सौरभ का शव नहर से मिल गया है। परिजनों ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। वीरवार को सौरभ का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
- संदीप कुमार, सिटी थाना प्रभारी