126.... पंचायत लर्निंग सेंटर का दौरा करते भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के सलाहकार अभिषेक
नीलोखेड़ी/करनाल। नीलोखेड़ी ब्लॉक की सुल्तानपुर पंचायत सुशासन का बेहतर उदाहरण बनकर सामने आई है। यहां आयोजित अध्ययन भ्रमण में आए पंचायत प्रतिनिधियों ने गांव में किए गए विकास कार्यों को देखकर प्रशंसा की।
भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के सलाहकार अभिषेक सिंह ने कहा सुशासन की असली ताकत गांव स्तर पर किए गए नवाचार और सामूहिक प्रयास में है। सुल्तानपुर गांव की गतिविधियां अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अध्ययन भ्रमण का आयोजन राज्य पंचायत संसाधन केंद्र और विकास एवं पंचायत विभाग हरियाणा सरकार ने 11 सितंबर को किया। इसमें कैथल जिले के पूंडरी और ढांड ब्लॉक के करीब 20 सरपंच और पांच ग्राम सचिवों ने भाग लिया। प्रतिनिधियों ने यहां पंचायत लर्निंग सेंटर का दौरा किया और आपसी अनुभव साझा किए। गांव में बने पार्क और तालाब का सुंदरीकरण, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता की व्यवस्था देखकर सभी सरपंच प्रभावित हुए। प्रतिभागियों ने माना कि सुल्तानपुर पंचायत का यह मॉडल उनके लिए सीखने और अपनाने योग्य है।
इस अवसर पर भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के सलाहकार अभिषेक सिंह, राज्य परियोजना प्रबंधक मीनू रेधू, सुल्तानपुर के सरपंच जसमेर सिंह, क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण विशेषज्ञ शुभम भार्गव आदि मौजूद रहे।
सरपंज को प्रधानमंत्री कर चुके हैं सम्मानित
सुल्तानपुर पंचायत आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे वाली पंचायत है, जहां जल संरक्षण और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाता है। गांव के सरपंच जसमेर चौहान रोजाना मशहूर फाइव पाउंड जोहड़ की सफाई करते हैं। उनकी इस मेहनत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें सम्मानित किया। इसके साथ-साथ पंचायत को अपनी विभिन्न पहलों और विकास कार्यों के लिए भी सम्मानित किया जा चुका है।