असंध। पूर्व सरपंच को बचाने के लिए गबन के रिकाॅर्ड को खुर्दबुर्द करने के आरोप में गांव मूंड के सरपंच पवन को पुलिस गिरफ्तार किया गया है। उन्हें शनिवार को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी सरपंच ने न केवल पूर्व सरपंच वीना देवी को बचाने के लिए रिकाॅर्ड को खुर्दबुर्द किया बल्कि फर्जी दस्तावेज भी तैयार किए। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। असंध थाना के जांच अधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पूर्व में मूंड गांव की सरपंच रही वीना देवी की गबन के एक मामले में जांच चल रही थी। सरकारी रिकॉर्ड मौजूदा सरपंच पवन कुमार के पास थे। कई बार रिकॉर्ड को जांच के लिए अधिकारियों ने मंगवाया, तब सारा रिकॉर्ड सही था लेकिन जब वीना की फाइनल तारीख आई तो मौजूदा सरपंच पवन कुमार के पास वह रिकॉर्ड नहीं मिला। सरकारी रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ करते हुए फर्जी रिकॉर्ड तैयार कर दिया गया। मामले में विभाग की तरफ से शिकायत प्राप्त हुई तो सरपंच पर मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
बीडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पूर्व में सरपंच वीना देवी के कार्यकाल 2015 से 2020 के बीच में गबन के आरोप है। सुनवाई अभी चल रही है। मौजूदा सरपंच से जब सरकारी रिकॉर्ड मंगवाया गया तो जांच में सामने आया कि रिकॉर्ड में गड़बड़ी की गई है। पुलिस को शिकायत दी गई थी। मामला दर्ज कर कार्रवाई को गई है। अब डीसी करनाल को सरपंच पवन कुमार को निलंबित करने के लिए पत्र लिख दिया गया है।