करनाल। पिंक शाैचालयों में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें ठीक कराई गई न ही डिस्पोजल मशीनें। मशीनें काफी समय से बंद हैं। रेलवे रोड स्थित पिंक शौचालय में वेंडिंग मशीन है लेकिन पैड उपलब्ध नहीं हैं। नेहरू पैलेस के शीरो रूम में वेंडिंग और डिस्पोज मशीन खराब पड़ी हैं। आईटीआई स्थित शीरो रूम में वेंडिंग मशीन में पैड की सुविधा नहीं हैं तो डिस्पोज मशीन लगाई ही नहीं गई।
महिलाओं का कहना है कि पिंक शौचालयों में महिलाओं के लिए जरूरी सुविधाएं होनी ही चाहिए। लंबे समय से मशीनें खराब हैं। यह लापरवाही ही है। मशीनों को समय-समय पर जांच कर मरम्मत कराई जानी चाहिए। मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेंद्र चोपड़ा ने बताया कि तीनों पिंक शाैचालयों में मशीनें खराब हो चुकी हैं। इन मशीनों को हटाकर नई मशीनें लगाई जाएंगी। वेंडिंग मशीनों में पैड रखने का इंतजाम भी किया जाएगा।
साफ-सफाई का है अभाव
दुपट्टा बाजार में खरीदारी करने आई स्नेहा ने बताया कि बाजार के सार्वजनिक शौचालय में साफ-सफाई का अभाव है। सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनों की भी कोई सुविधा नहीं हैं। पिंक शाैचालयों में पैड की सुविधा जरूर देनी चाहिए।
बड़े संस्थानों के पास मिले सुविधा
काॅलेज युवती वैष्णवी ने बताया कि उनके कॉलेज के सामने पिंक शौचालय तो बनाया गया है लेकिन काफी समय से सेनेटरी पैड मशीन उपयोग में ही नहीं आ रही है। बड़े संस्थानों और बस स्टैंड के पास पिंक शौचालयों की सुविधा होनी चाहिए।
इमरजेंसी में नहीं मिल पाते पैड
आईटीआई छात्रा शिखा ने बताया कि वह रोजाना पढ़ने के लिए अप डाउन करती हैं। कई बार इमरजेंसी पड़ जाती है लेकिन शीरो रूम में लगी वेंडिंग मशीन में पैड की सुविधा ही नहीं दी गई है। शौचालय में लगी वेंडिंग मशीन केवल नाम के लिए लगाई गई है।