- अंडर-15 लड़कों के मुकाबले में खाराखेरी को 1-0 से दी शिकस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सैनिक स्कूल कुंजपुरा में रविवार को इंट्रा समूह फुटबॉल टूर्नामेंट का अंडर-15 आयु वर्ग में लड़कों का फाइनल मैच हुआ। यह मैच सैनिक स्कूल कुंजपुरा व सैनिक स्कूल खाराखेरी के बीच हुआ जिसमें सैनिक स्कूल कुंजपुरा की टीम ने 1-0 से मैच जीत लिया। इस टूर्नामेंट के दो आयु वर्गों में मैच जीतकर सैनिक स्कूल कुंजपुरा ने ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
शनिवार को अंडर 17 आयु वर्ग में भी सैनिक स्कूल कुंजपुरा के लड़कों की टीम ने कपूरथला को फाइनल में शिकस्त दी थी। हालांकि लड़कियों में कुंजपुरा की टीम सुजानपुरा टीरा की टीम से हार गई। विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य विंग कमांडर मनप्रीत सिंह ने बताया कि इंट्रा ग्रुप फुटबॉल टूर्नामेंट में दो आयु वर्गों में सात टीमों के 240 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें चार सैनिक स्कूल व तीन पीपीपी मोड़ पर आधारित सैनिक स्कूल के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के सभी मैच सैनिक स्कूल कुंजपुरा के तीन खेल मैदानों में खेले गए।
प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल कुंजपुरा के लड़कों की टीम ने अंडर 17 व 15 में फाइनल मैच जीतकर टूर्नामेंट पर कब्जा किया। वहीं अंडर 17 लड़कियों में सैनिक स्कूल कुंजपुरा प्रतिद्वंद्वी टीम सुजानपुर टीरा से हार गया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में विजेता टीम आगे चलकर सुब्रतो कप 2025 में सैनिक स्कूल सोसाइटी का प्रतिनिधित्व करेगी। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर सोनिया शर्मा व वरिष्ठ अध्यापकों ने विजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
विभिन्न संवर्गों में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की सूची
- अंडर 17 लड़कों में जशनदीप सिंह, सैनिक स्कूल कपूरथला को बेहतर खिलाड़ी व सार्थक गोठवाल सैनिक स्कूल कुंजपुरा को बेहतर गोलकीपर चुना गया ।
- अंडर 17 लड़कियों में सैनिक स्कूल सुजानपुर टीरा की तमन्ना धारवाल को बेहतर खिलाड़ी व प्रियांशु चौधरी बेहतर गोलकीपर सम्मान से नवाजा गया ।
- अंडर 15 बालक संवर्ग में सैनिक स्कूल कुंजपुरा के अंशु को बेस्ट प्लेयर व शिवम को बेस्ट गोलकीपर सम्मान से सम्मानित किया गया।