माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। बुधवार से आवेदन फार्म में संशोधन के लिए खिड़की खुलेगी। विद्यार्थी 14 नवंबर तक फार्म में संशोधन कर सकते हैं। विद्यार्थियों को भविष्य में किसी तरह की परेशानी न आए, इसलिए संशोधन का यह अवसर दिया गया है। इसके तहत विद्यार्थी आवेदन फार्म में 14 कॉलम की जानकारी में फेरबदल कर सकते हैं जबकि नाम, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और पता संबंधित चार कॉलम पूरी तरह से लॉक रहेंगे, इनमें फेरबदल नहीं हो सकेगा।
विदित हो कि सैनिक स्कूल में कक्षा छठी और नौवीं में दाखिले के लिए प्रक्रिया चल रही है। आवेदन फार्म भरने की अंतिम तिथि 9 नवंबर थी। प्रवेश परीक्षा के आधार पर दाखिला मिलेगा। 18 जनवरी को एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) की ओर से परीक्षा का आयोजन होगा। परीक्षा ओएमआर शीट पर बहुविकल्पीय प्रश्नावली के रूप में होगी। देश में कुल 33 सैनिक स्कूलों में विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा। कक्षा छठी की प्रवेश परीक्षा 300 और नौवीं में 400 अंकों की होगी। कुंजपुरा स्कूल में कक्षा छठी के लिए 120 सीट और कक्षा नौवीं के लिए 20 (लड़के) अनुमानित रिक्त स्थान हैं जोकि कभी भी घटाए या बढ़ाये जा सकते हैं।
इनमें कर सकते हैं संशोधन
आवेदन फार्म में विद्यार्थी पिता का नाम, माता का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, श्रेणी व उप श्रेणी, कक्षा, माध्यम, फोटोग्राफ, हस्ताक्षर, श्रेणी प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र, स्टूडेंटशिप प्रमाणपत्र आदि में संशोधन कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र के लिए शहर के चयन में भी बदलाव का विकल्प दिया गया है। विद्यार्थी अपने प्रदेश के चार जिलों के विकल्पों में बदलाव कर सकते हैं।