कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल के आह्वान पर रविवार को सुबह आयोजित कुरुक्षेत्र मैराथन में हजारों बच्चों और युवाओं ने अपनी क्षमता का बेमिसाल प्रदर्शन किया।
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले द्रोणाचार्य स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में हरियाणा भर से जुटे बच्चों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा कुरुक्षेत्र उमड़ पड़ा। 21 किलोमीटर के हाफ मैराथन में कुरुक्षेत्र का आशीर खान चैंपियन बना। लाडवा के सोनू और रोहतक के देवेंद्र क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे।
दस किलोमीटर की महिला दौड़ में रोहतक की साक्षी प्रथम, रेलवे की रीमा द्वितीय और कुरुक्षेत्र की वर्षा तृतीय स्थान पर रहीं। समारोह की मुख्य अतिथि हरियाणा की शहरी विकास एवं निकाय मंत्री सावित्री जिंदल ने धावकों को प्रोत्साहित किया और कहा कि स्वस्थ रहिए, आगे बढ़िए।
रविवार की सुबह का मौसम इस महादौड़ के अनुकूल था। अभी सूर्यदेव ने दर्शन भी नहीं दिए थे लेकिन उत्साही बच्चों और युवाओं का जमावड़ा द्रोणाचार्य स्टेडियम में लगना शुरू हो गया। ठीक 6:30 बजे पहली सीटी बजी और अर्जुन पुरस्कार विजेता राजेंद्र उमरी के हरी झंडी दिखाते ही पूरे हरियाणा से आए युवा दौड़ पड़े 21 किलोमीटर का फासला कम से कम समय में तय करने।
इस दौड़ में आशीर खान अव्वल रहा जो कुरुक्षेत्र में एथलेटिक्स कोच बलदेव सिंह से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। लाडवा का सोनू दूसरे स्थान पर रहा। उसके भी गुरु बलदेव सिंह हैं। तीसरे स्थान पर रोहतक का देवेंद्र रहा।
सात अन्य पुरस्कार विजेता रहे कुरुक्षेत्र के सुखविंदर, संजय, कैथल के भाणा गांव निवासी देवेंद्र, अनिल व महिपाल और नौवें, दसवें स्थान पर रहे कुरुक्षेत्र के ही विनोद व अशोक।
दस किलोमीटर महिला दौड़ को हरी झंडी दिखाई केयू के वालीबाल कोच दलेल सिंह ने। इसमें रोहतक की साक्षी अव्वल रही। रोमा व वर्षा दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। आदेश व रमनदीप को चौथा व पांचवां स्थान मिला। इसी तरह छह किलोमीटर की तिरंगा दौड़ में अरुण कुमार, अनिल, दीपक, रामकेश और रमेश क्रमश: पहले से पांचवें स्थान पर रहे।
तिरंगा दौड़ को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हरियाणा की शहरी विकास एव स्थानीय निकाय मंत्री सावित्री जिंदल ने कहा कि जीवन में कुछ करना है तो सबसे पहली शर्त यह है कि हमें स्वस्थ रहना होगा। उन्होंने सभी उपस्थित बच्चों व युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वस्थ रहे और आगे बढ़ें।
इस भव्य दौड़ का समन्वय एवं संचालन सांसद नवीन जिंदल के खेल सलाहकार सुबोध सांगवान ने किया। इसे सफल बनाने में अहम योगदान रहा जिला खेल अधिकारी एसबी सहगल, गुहला चीका के जाने-पहचाने कोच सतनाम सिंह, कोच गुरनाम सिंह, हंसराज, यशवीर सिंह, डॉ. रजनीबाला, एसके सैनी, राजेश, सुदेश कुमार और बीएस भंडारी का।
कोच नरेश कुमार, राजेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, मनदीप सिंह, नरेंद्र चौहान, पोला सिंह, अजय, हरप्रीत सिंह, संदीप और गुरमीत का। सांसद नवीन जिंदल के निजी सचिव राजेश कुमार व ओपी जिंदल ग्रामीण जन कल्याण संस्थान के अवि सारस्वत व गुनीत कौर की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही।