संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी। जीटी रोड पर तखाना गांव के समीप दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाश कंबाइन चालक से 1.20 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सीआईए की टीमें भी मौके पर पहुंची ओर जांच शुरू कर दी।
जींद के गांव पेगा निवासी कंबाइन चालक कुलदीप ने बताया कि वह कंबाइन चलाता है। वह गांव पूजम में फसल कटाई के रुपये लेने के लिए आया था। वह वीरवार की सुबह फसल कटाई का भुगतान लेकर बाइक पर सवार होकर तरावड़ी आया। वहां उसे स्पेयर पार्ट की दुकान पर भुगतान करना था।
तरावड़ी में सर्विस लाइन पर जब वह तखाना गांव के समीप पहुंचा तो रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया। जैसे ही उसने बाइक रोकी तो उन युवकों ने उसे धक्का दिया और कुर्ते की जेब फाड़कर उसमें रखे एक लाख 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कंबाइन चालक से 1.20 लाख रुपये लूटने की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। लुटेरों का सुराग लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।