संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पुराना बस स्टैंड की कार्यशाला में हरियाणा रोडवेज एसोसिएशन करनाल व अर्पणा अस्पताल मधुबन की ओर से सोमवार को निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इसमें 100 से अधिक रोडवेज के कर्मचारियों ने अपनी आंखों की जांच करवाई। खास बात ये रही कि अधिकतर रोडवेज कर्मियों की आंखों में कोई न कोई समस्या पाई गई है।
शिविर में मोतियाबिंद ,काला मोतिया, सांस, हद्दय, शुगर, थायराइड, ऑर्थो, जनरल सर्जरी, डेंटल, फिजियो, डायटीशियन की जांच की गई। अर्पणा अस्पताल मधुबन से आए डॉ दीपक ने कहा कि हरियाणा रोडवेज के सहयोग से पुराने बस स्टैंड की कार्यशाला में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि रोडवेज के कर्मचारियों की जांच की गई व मौके पर दवाइयां भी दी गई।
किसी कर्मचारी को कोई गंभीर बीमारी थी तो उनको जल्द से जल्द इलाज के लिए भी कहा गया। उन्होंने बताया कि रोडवेज के कर्मचारियों ज्यादातर आंखों व खान-पान की समस्या देखने को मिली, क्योंकि रोडवेज के कर्मचारी ज्यादा तर बस चला है और दोपहर के खाने का समय नहीं लग पाता। साथ ही आंखों में दर्द को लेकर भी नई तकनीक द्वारा उनका इलाज किया गया और हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों को निशुल्क दवाइयां भी दी गई।