संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल/घरौंडा। जिला नगर योजनाकार की टीम ने शुक्रवार को कोहंड गांव की अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की। टीम ने कोहंड में कैमला रोड पर लगभग 5.5 एकड़ में स्थित अवैध कॉलोनी की सभी कच्ची सड़कों को उखाड़ा और प्लाॅटों की चहारदीवारी को तोड़ दिया।
इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट घरौंडा नगरपालिका के सचिव और थाना घरौंडा की पुलिस टीम उपस्थित रही। जिला नगर योजनाकार सतीश कुमार ने लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अवैध काॅलोनी में निर्माण न करें वरना कार्यालय द्वारा तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने भूमि के टुकड़े काटकर बेचने वाले व जमीन मालिक को हिदायत देते हुए कहा कि प्लाॅट बेचने के नाम पर लिया गया धन तुरंत वापस करें अन्यथा इस बारे में संबंधित थाने में मामला दर्ज करवाया जाएगा।