सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इस बार फिर जीटी रोड पर अवैध कटों को खोलने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का मुद्दा उठा। कटों को क्यों नहीं बंद किया जाता के सवाल पर सोमा कंपनी के अधिकारी सन्नी ने जवाब दिया कि जब वे कट बंद करने जाते हैं तो ऊपर से प्रेशर डलवाया जाता है। इस पर डीसी निशांत यादव ने सख्त निर्देश दिये कि अवैध कट खोलने वालों को पहले नोटिस दें कि वह एक महीने में उस बंद कर दें, यदि वह कट को बंद नहीं करते तो उसके खिलाफ मामला दर्ज कराएं। इस मामले में किसी भी तरह लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी लगाया जाएगा, ताकि कटों को बंद करने के दौरान कोई विरोध न कर सके।
सोमवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय स्थित सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में 20 पुराने एजेंडे रखे गये, जिनमें 10 एजेंडे इस बार भी पेंडिंग रह गये। वहीं 21 नये एजेंडों पर चर्चा की गई। इस बार डीसी ने कमेटी का गठन किया है जो एक सप्ताह में लोकेशन का निरीक्षण कर डीसी को रिपोर्ट देंगे। बैठक में एडीसी अनीश यादव, सीटीएम पूजा भारती सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
एफआईआर के कई बार हुए आदेश
एनएच-44 के खस्ता हाल को लेकर 2017-18 में डीसी आदित्य दहिया ने भी कई बार एनएचएआई और सोमा कंपनी के अधिकारियों पर एफआईआर के आदेश दिए, लेकिन आज तक एक भी केस दर्ज नहीं हो सका। हर बार बैठक में ये मुद्दा उठता है। खास बात ये भी है कि उस समय निशांत यादव करनाल में एडीसी थे और हर बैठक में भी शामिल रहते थे। देखना यह है कि डीसी बनने के बाद क्या इन लोगों के खिलाफ केस दर्ज हो पाएगा।
कई वर्षों से हो रही है बैठक, जीटी रोड पर नहीं कोई सुधार
बता दें सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कई सालों से हो रही है। इस बैठक में एनएचएआई की तरफ से अधिकारी भी शामिल नहीं होते। यही कारण है इतनी बैठक होने के बाद भी जीटी रोड पर कोई सुधार नहीं है, जो समस्या पहले थी वो आज भी बरकरार है। जीटी रोड पर कहां गड्ढूे हैं यह भी बैठक में बताया जाता है।
हवेली के सामने कट होगा बंद, ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त
जीटी रोड पर हवेली के सामने अवैध कट को बंद करने के बात पर बैठक में सोमा कंपनी के प्रतिनिधि सन्नी ने कहा कि जब वे कट बंद करने जाते हैं तो संबंधित लोग ऊपर के अधिकारियों से फोन करा देते हैं। इसके लिये डीसी ने ड्यूटी मजिस्टेट नियुक्त कर दिया है जो शुक्रवार को इस कट को बंद करायेगा।
जिले के सभी सड़कों पर सफेद पट्टी लगाकर पेश करें रिपोर्ट
बैठक में डीसी ने सभी विभाग नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिये के वह अपनी सभी सड़कों पर सफेद पट्टी लगवायें और एक सप्ताह में रिपोर्ट एडीसी को दें।
इन एजेंडों की रिपोर्ट पेश करेगी कमेटी
1. जीटी रोड पर कई सालों से अटके फुटओवर ब्रिज के मामले में पक्का पुल ओवर ब्रिज की लोकेशन पर बिजली की लाइन शिफ्ट हो चुकी है तो कमेटी निरीक्षण कर रिपोर्ट पेश करेगी कि फुटओवर ब्रिज लगाने का वर्क ऑर्डर किया या नहीं, वहां काम शुरू हुआ या नहीं।
2. मुगल कैनाल डेरा कार सेवा चौक का भी एक कमेटी निरीक्षण करेगी कि वहां ट्रैफिक को कैसे कंट्रोल किया जाये।
3. आईटीआई चौक पर बरसाती पानी जमा होने के मामले में कमेटी निरीक्षण करेगी कि वहां किसकी लापरवाही है एनएचएआई या नगर निगम की। कौन उसे ठीक करायेगा।
4. नमस्ते चौक पर सेक्टर-3 की तरफ से वाहन चालक गलत दिशा में चलते हैं तो इस मामले में भी कमेटी निरीक्षण कर बतायेगी कि इसका क्या समाधान है।
5. सोमा कंपनी के प्रतिनिधि को नहीं पता कि जीटी रोड पर कितने एसओएस बूथ हैं और कितने चलते हैं। इसके बारे में भी कमेटी निरीक्षण कर रिपोर्ट बनायेगी।
एक नजर इधर भी...
- पुरानी सब्जी मंडी के सामने रेहड़ी वालों को हटाने के लिये नगर निगम के दो कर्मचारी किये नियुक्त।
-इंद्री रोड स्थित तीन सरकारी स्कूल समौरा, जनेसरों व नौरता के सामने स्पीड ब्रेकर व साइन बोर्ड लगाने के लिये निर्देश।
- देवी लाल चौक पर नहीं बना स्लीप वे, अधिकारी बोले साढ़े तीन लाख रुपये का हो चुका है टेंडर।
- कुंजपुरा रोड पर आईटीआई की जगह ना मिलने से नहीं बना स्लीप वे, जगह के लिये डीसी करेंगे निदेशक से बात।
- आईटीआई से कुंजपुरा तक जाने वाली सड़क पर है अनेकों अवैध कट, पुलिस बल की सहायता से उन अवैध कटों को बंद कराने के लिये पीडब्ल्यूडी को दिये निर्देश।
ये दिये सुझाव
- जीटी रोड पर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज व नागरिक अस्पताल का साइन बोर्ड लगाया जाये।
- जीटी रोड पर निर्मल कुटिया चौक से पहले स्लिप वे बनाया जाये, ताकि एंबुलेंस समय पर नागरिक अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में पहुंच पाये।
- जीटी रोड पर बने ट्रैफिक बूथ में फर्स्ट एड बॉक्स रखवाये जायें।
- बलडी बाईपास पर गड्ढों को भरवाया जाये।
- पुरानी सब्जी मंडी में जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में दो फायर बिग्रेड की गाड़ी खड़ी करवाई जाये।
- जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय स्थित पानी की टंकी का गेट बंद कराया जाये, ताकि कोई उस पर चढ़ न पाये।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह में सभी विभाग करें भागीदारी
डीसी ने कहा कि 11 जनवरी से 17 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अभियान में सभी विभाग हिस्सा लें और इसकी रिपोर्ट भी दें।