सीएनजी प्रयोग करने वालों के लिए खुशखबरी। अब एक रुपये सस्ती सीएनजी मिलेगी। मंगलवार से नई दरें जिले में लागू हों जाएंगी। अब तक 55.95 रुपये मिलने वाली सीएनजी 54.95 रुपये में मिलेगी। इसका जिले के करीब 25 हजार वाहन चालकों को लाभ होगा। पिछले एक साल से जिले में लगातार सीएनजी की गाड़ियों की बढ़ोतरी हो रही है। पहले जिन्हें पानीपत से सीएनजी लेने जाना पड़ता था अब उन्हें जिले में ही सीएनजी मिल रही है। जनवरी में शुरू हुए पंप सहित कुल छह पंपों पर सीएनजी की सुविधा उपलब्ध है। फिलहाल इन पंपों पर कैंटरों के माध्यम से गैस पहुंच रही है। मार्च में सीधा कनेक्शन होने के बाद सप्लाई का संपर्क सीधा पंप से जुड़ जाएगा। ऐसे में पंप संचालकों को सप्लाई न आने का भय नहीं रहेगा।
यहां-यहां लगे हैं सीएनजी पंप
जिले में छह सीएनजी पंप हैं। इनमें दो पंप कोहंड में, एक घरोंडा, एक कुंजपुरा रोड करनाल, एक समानाबाहु व एक इंद्री रोड पर स्थित है। इन पंपों से मौजूदा समय पर प्रतिदिन 35000 केजी सीएनजी की खपत हो रही है। डिमांड लगातार बढ़ रही है। करनाल के बाद कैथल में दो पंप लगाने का काम चल रहा है।
पेट्रोल के बराबर होती है औसत
गाड़ी चालक अनिल कुमार व धर्मेंद्र ने बताया कि वे पहले पेट्रोल से गाड़ी चलाते थे। पेट्रोल से गाड़ी जो औसत देती थी, वही औसत उसे सीएनजी से मिल रही है। पहले से 20 रुपये की प्रति लीटर बचत हो रही है और एवरेज भी कम नहीं हुई।
आईजीएल ने सीएनजी के भाव में एक रुपये की कमी की है। अब 54.95 रुपये प्रति किलो के हिसाब से सीएनजी मिलेगी।
अंकुश जैन, आईजीएल के क्षेत्रीय प्रमुख