करनाल। करनाल-कैथल रोड से गांव ब्रास तक की सड़क को दूसरी जगह से बनवाने की एक किसान की शिकायत पर एसडीएम प्रदीप कुमार ने वीरवार को मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने इस मामले में पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता को नियमानुसार कार्यवाही के आदेश दिए। ब्रास गांव के किसान कृष्ण चंद ने एसडीएम को दी दरखास्त में कहा है कि करनाल-कैथल रोड से गांव ब्रास की सालों पहले बनी सड़क को दूसरी जगह से बनाया जाना है। इसकी लंबाई उनके खेत से लगती करीब तीन एकड़ की है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग ने 2022 में निशानदेही की थी। 12 सितंबर 2025 को फिर से निशानदेही की गई। उन्होंने बताया कि नई बनने वाली सड़क के लिए उन्होंने अपनी जमीन खाली छोड़ रखी है लेकिन जिस दूसरे किसान के खेत साथ लगते हैं वे अभी तक सड़क के लिए जमीन देने को तैयार नहीं। उन्होंने मांग की कि पुरानी सड़क के स्थान पर नई सड़क तुरंत बनवाई जाए और इसमें आने वाली बाधाओं को फौरन दूर किया जाए। उन्होंने बताया कि नई सड़क के लिए चकबंदी के समय ही जमीन छोड़ी गई है।
इस मामले में एसडीएम ने पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि इस सड़क से संबंधित जो भी जांच लंबित है उन पर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।