माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। ढाई करोड़ से तैयार हो रही कर्ण केनाल सड़क अब दोबारा बनेगी। करीब सात माह पहले शुरू हुए इस काम के निर्माण सामग्री के सैंपल फेल हो चुके हैं। वहीं, इसे बनाने वाली एजेंसी ने नगर निगम से करीब 20 लाख रुपये का भुगतान तक ले लिया है।
घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने के आरोप लगे तो एजेंसी ने बीच में ही काम छोड़ दिया। इसके काम का निगम आयुक्त ने मौका निरीक्षण तक किया था। इस पर निगम ने इस सड़क को दोबारा बनाने की प्रक्रिया शुरू की है।
जून माह में शुरू हुई इस सड़क पर घटिया सामग्री लगाई गई थी। जिसकी वजह से ये सड़क पहले से ही टूटनी शुरू हो गई। इस पर बिछाई कंक्रीट की सड़क टूटने लगी। बजरी बाहर निकलनी शुरू हो चुकी है। अब इसे दोबारा बनाने की तैयारी की जा रही है।
पिछले साल जून में कर्ण कैनाल रोड का काम लेबर चौक की तरफ से शुरू किया गया था। पहले करीब 400 मीटर तक डेंस लीन कंक्रीट (डीएलसी) की पहली परत बिछाई गई। इसके बाद सीमेंट कंक्रीट की मोटी व मजबूत परत बिछाई जानी थी। दोनों ओर की सड़कें सीमेंट कंक्रीट की बनाई जानी थी।
पानी निकासी के लिए सोशल ड्रेन बननी थी। सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए रोड फर्नीचर के तहत कैटआई, रिफ्लेक्टर, थर्मोप्लास्टिक पेंट, सोलर स्टड, डेलीनेटर तथा जेब्रा क्रॉसिंग बनने थे। करीब ढाई किलोमीटर लंबाई की दोनों ओर की सड़कों के सुदृढ़ीकरण पर अनुमानित 2.48 करोड़ रुपये खर्च किए जाने थे। इससे कर्ण कैनाल बाजार में विभिन्न कार्यालय, संस्थान, शोरूम व रेस्टोरेंट में आवागमन करने वाले हजारों लोगों को लाभ मिलना था। अब सड़क पर गड्ढे होने के कारण लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। लगातार सड़क निर्माण में देरी होती रही।
घटिया सामग्री के आरोप लगे तो निगमायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया और गुणवत्ता की जांच कराई तो वास्तविकता सामने आई। निगम आयुक्त वैशाली शर्मा ने बताया कि निर्माण कार्य सही न होने की वजह से काम बंद हुआ था।
इसे दोबारा और गुणवत्तापूर्वक तैयार कराया जाएगा। ताकि शहर के लोगों को इसका लाभ मिल सके।