संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी। तरावड़ी राइस मिलर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन की तरफ से आयोजित सम्मान समारोह में नीलोखेड़ी हलके के विधायक भगवानदास कबीरपंथी को सम्मानित किया गया। इस दौरान चावल व्यापारियों ने जर्जर हुए राइस मिल के नए निर्माण करवाने में फिर से सीएलयू लेने, ओटीपी प्लांट को सभी राइस मिल से जोड़ना और राइस मिलों को जोड़ने वाली सड़कों की खस्ताहाल होने जैसी कई समस्याएं उठाईं।
दिल्ली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में राइस मिल्स एंड डीलर्स एसोसिएशन की तरफ से राइस मिलर्स को आने वाली कई मुख्य मांगें विधायक भगवानदास कबीरपंथी के संज्ञान में लाई गईं। मंच संचालन करते हुए राइस मिल्स एंड डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश बंसल व महासचिव राकेश हंस ने कहा कि विदेशों में तरावड़ी शहर का चावल निर्यात होता है। शहर को धान का कटोरा भी कहा जाता है। चावल कारोबार से तरावड़ी शहर की एक अलग पहचान है।
उन्होंने कहा कि यहां के चावल व्यापारियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। एसोसिएशन ने विधायक भगवानदास कबीरपंथी से समस्याओं को हल करने की मांग उठाई। विधायक ने कहा कि जो भी समस्याएं चावल व्यापारियों की हैं, मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हल करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि राइस मिल के अधीन आने वाली सभी सडक़ों की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। सड़कों को गड्ढा मुक्त करवाया जाएगा। इसके अलावा जो भी राइस मिलर्स की समस्याएं हैं उन सभी समस्याओं को प्रमुखता से हल करवाया जाएगा।
एसोसिएशन की तरफ से उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता व मुकेश गर्ग ने विधायक भगवानदास कबीरपंथी का बुके देकर स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रमोद बंसल, विनीत बंसल, तिलक राज मक्कड़, शीशपाल गुप्ता, बृजभूषण गोयल, राकेश गर्ग, नरेश गुप्ता, देवेंद्र सिंगला, राजीव नारंग, अनुज गुप्ता, संदीप गुप्ता, सुरेश सिंगला, सुभाष गर्ग, रविन्द्र सिंगला, संजय सिंगला, प्रमोद सिंगला, विजय सिंगला मौजूद रहे।