करनाल।
असंध की राइस मिल के मुनीम मूलरूप से गांव अरड़ाना निवासी कर्मबीर की हत्या गला दबाने से हुई थी। इसका खुलासा मौत के दो माह बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। मुनीम की पत्नी पूनम ने उनकी बीमारी से मौत होने की बात कही थी। मुनीम के भाई संजय ने पुलिस को दी तहरीर में हत्या की आशंका जताई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद असंध थाना पुलिस ने केस में हत्या की धारा जोड़ दी है।
गांव अरड़ाना के संजय ने बताया कि उनके भाई असंध की कस्तूर सिंह काॅलोनी में रहते थे। 12 सितंबर को सुबह 4 बजे भाभी पूनम देवी का फोन आया। उन्होंने कहा था कि कर्मबीर कुछ भी बोल नहीं रहे हैं। जब वह और चचेरा भाई मौके पर पहुंचे तो कर्मबीर का शव मिला। उनके गले और चेहरे पर चोट के निशान थे। परिजन गांव में अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर पहुंचे। इसी दौरान पुलिस पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। असंध के सरकारी अस्पताल ले जाकर पोस्टमॉर्टम कराया गया। संजय ने आरोप लगाया कि उन्हें अंदेशा है कि भाभी पूनम देवी, उसकी मां रोशनी देवी, भाई मोहित निवासी पहलवा जिला जींद और प्रदीप निवासी असंध ने उनके भाई की हत्या की है।
मायके में रह रही हैं पत्नी पूनम
मृतक के परिजनों का आरोप है कि कर्मबीर की मौत और तेरहवीं के बाद पूनम देवी लगातार संपत्ति में हिस्सा मांगने लगी थीं। विदेश भेजने की बात कहती रहीं। पांच अक्तूबर को पूनम अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गईं। मकान की चाबी और जेवर भी ले गईं। पूनम उन्हें बोलकर गई कि वह इस केस में आगे कोई भी कार्रवाई नहीं करवाना चाहती हैं।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण प्राकृतिक मौत होना नहीं पाया गया है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टरों ने राय दी कि मौत गले को दबाने से हुई है। पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है। जांच के बाद जो आरोपी मिलेगा, उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - गोरखपाल राणा, डीएसपी, असंध