सेक्टर-5 निवासी कृषि विभाग के रिटायर्ड एसडीओ आरएस तोमर का सोमवार को दोपहर के समय कुछ लोगों ने गाड़ी में अपहरण कर लिया।
आरएस तोमर शहर में ही पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से अपनी पेंशन लेने के लिए घर से निकले थे। वे पेंशन लेकर बैंक से निकले ही थे कि कुछ लोगों ने गाड़ी में डाल लिया।
किडनैपरों ने आरएस तोमर की जेब से पेंशन के 25 हजार रुपये निकालकर उन्हें बेहोशी की हालत में वोडाखेड़ा के पास दनियालपुर रोड पर फेंक दिया।
राहगीरों और आसपास के लोगों ने सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पाकर नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आरएस तोमर के पास मिले कागजात के आधार पर उनके परिजनों को फोन पर सूचित किया गया।
इसी बीच सूचना पाकर निजी अस्पताल में पहुंचा उनका फौजी बेटा पिता को अपने साथ आर्मी अस्पताल में ले गया। रिटायर्ड एसडीओ ने बैंक से पेंशन के 25 हजार रुपये निकाले थे।
हालांकि, अभी तक रिटायर्ड एसडीओ की बेहोशी खत्म नहीं हुई है, इसलिए मामले में कुछ ज्यादा जानकारी का पता नहीं चला है। पुलिस ने भी अभी तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
रुपयों के लेन-देने में बेटे का अपहरण
घरौंडा में मंगलवार की रात को गांव फरीदपुर में एक युवक का अपहरण होने से गांव में अफरातफरी मच गई। युवक के पिता ने सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लगभग दो घंटे के बाद युवक को पानीपत सब्जी मंडी से बरामद कर लिया है। मामला लेन-देन का बताया जाता है।
पुलिस ने दो के खिलाफ मामला दर्ज कर एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे की तलाश जारी है। फरीदपुर निवासी शिव कुमार का पानीपत सब्जी मंडी के एक व्यापारी रमेश कुमार से कुछ रुपयाें का लेन-देन का था।
मंगलवार रात को व्यापारी का मुनीम व एक नौकर रुपये लेने गांव फरीदपुर पहुंचे। दोनों युवकों ने परिवार के लोगों से शिव कुमार के बारे में जानकारी हासिल की तो उसके 15 वर्षीय पुत्र सोनू ने बताया कि पिता गांव बरसत में गया है।
बाइक सवार दोनों युवकों ने सोनू को बाइक पर बिठाया और पिता के पास ले जाने को कहा। इसके बाद दोनों युवक सोनू को बरसत ले जाने की बजाय पानीपत ले गए।
उन्होंने सोनू के पिता शिवकुमार को रुपये देने की एवज में लड़के को ले जाने की बात कही। सोनू के पिता शिवकुमार ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस स्टेशन को दी।
थाना प्रभारी गुरविंद्र सिंह ने तुरंत एक टीम बनाकर पानीपत में भेजी। एएसआई विनोद कुमार पुुलिस बल के साथ पानीपत पहुंचे और लगभग दो घंटे के बाद युवक को सनौली रोड स्थित सब्जी मंडी से बरामद कर लिया।
पुलिस ने व्यापारी के मुनीम अनिल व नौकर कपिल के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है और नौकर कपिल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि मंगलवार को फरीदपुर निवासी शिव कुमार ने शिकायत दी थी कि उसके बेटे सोनू का अपहरण हो गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाही करते हुए शिकायतकर्ता के बेटे सोनू को पानीपत की सब्जी मंडी से बरामद कर लिया है। मामला रुपयों के लेन-देन का है। पुलिस ने दो युवकों के पर दर्ज कर एक युवक कपिल को काबू कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।