दो किशोरियों के डूबने की घटना के बाद मेयर ने महावीर पार्क में सुरक्षा मानकों की अनदेखी एवं ठेकेदार की लापरवाही के संबंध में आयुक्त को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। आठ वर्ष से निर्माणाधीन महावीर पार्क में दो किशोरियों के डूबने के बाद पार्क को बंद कर दिया गया है। इस घटना के बाद बुधवार को नगर निगम मेयर सैलजा सचदेवा ने महावीर पार्क में सुरक्षा मानकों की अनदेखी एवं ठेकेदार की लापरवाही के संबंध में आयुक्त को कार्रवाई करने के संबंध में पत्र लिखा है। उन्होंने आयुक्त से पांच बिंदु पर कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए हैं। यही नहीं पत्र में यह भी कहा गया कि बीते मंगलवार को महावीर पार्क में हादसा घटित हुआ। जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं। यह लापरवाही न केवल जनसुरक्षा के साथ खिलवाड़ है, बल्कि प्रशासनिक उत्तरदायित्व की भी अवहेलना है।
बिना किसी सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति के ही खोला गया पार्क
पत्र में कहा गया है कि महावीर पार्क अंबाला में संचालित गतिविधियों एवं प्रबंधन में घोर लापरवाही की शिकायतें प्राप्त हुई है। हाल ही में पार्क का निरीक्षण करने एवं प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह ज्ञात हुआ कि पार्क को आमजन के लिए बिना किसी सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति के ही खोला गया। इसके अतिरिक्त पार्क में नौका विहार (बोटिंग) के संचालन के लिए ठेका दिए जाने के बावजूद वहां पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण जैसे कि लाइफ जैकेट, लाइफ बोट प्राथमिक उपचार सामग्री एवं अन्य सुरक्षात्मक संसाधन पूर्णतः अनुपलब्ध पाए गए है।
इन बिंदु पर मेयर ने आयुक्त से मांगी रिपोर्ट
- महावीर पार्क में कार्यरत संबंधित अधिकारी, कर्मचारी की भूमिका की जांच कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
- यह स्पष्ट किया जाए कि पार्क को बिना सुरक्षा गार्ड एवं आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के क्यों खोला गया।
- नौका विहार संचालन के लिए किस सुरक्षा नीति के अंतर्गत ठेका प्रदान किया गया एवं किन-किन शर्तों का उल्लंघन हुआ है, उसका विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जाए।- ठेकेदार के विरुद्ध उचित कार्रवाई करते हुए उनका ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।
- भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू किया जाए एवं उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
महावीर पार्क में डूबने से दो किशोरियों की हो गई थी मौत
शहर के महावीर पार्क के तालाब में मंगलवार को डूबने से दो किशोरियों की मौत हो गई थी। पार्क का कार्य आठ वर्ष में भी पूरा नहीं हो पाया। यह अभी भी अधूरा पड़ा है। निगम की ओर से अधूरे पार्क को ही लोगों के लिए खोल दिया गया। यही नहीं मुख्य द्वार पर गेट लगा है, यह गेट भी खुला रहता था। पार्क के चारों तरफ कई जगह से जाली टूटने, कार्य अधूरा होने से लोग अंदर आ जाते हैं। बीते दिनों एसीबी की टीम ने भी पार्क में अव्यवस्था पर चिंता जताई थी।
महावीर पार्क में सुरक्षा मानकों की अनदेखी एवं ठेकेदार की लापरवाही के संबंध में आयुक्त को कार्रवाई करने के संबंध में पत्र लिखा है। जिसमें पांच बिंदु पर कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
सैलजा सचदेवा, मेयर, नगर निगम।