बलडी बाईपास पर सोमवार को बाजरे का भरा ट्रक पलटने से चार घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को यू टर्न करवाकर यातायात को सुचारू रूप से चलवाया। शहर के अंदर से वाहन जाने के कारण शहर में भी जाम की स्थिति बनी रही। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह साढ़े सात बजे ट्रक पलटा और दोपहर साढ़े 11.30 बजे तक वाहनों को जाम की स्थिति से बाहर निकाला।
सोमवार सुबह यूपी से बाजरा लोड करके ट्रक ड्राइवर रणधीर सिंह पंजाब के लिए चला। रास्ते में बलड़ी बाईपास के पास ट्रक का संतुलन बिगड़ने से पलट गया। जीटी रोड पर बाजरे की बोरियां बिखर गई और जाम लग गया। ट्रक पलटने पर ड्राइवर भी घायल हो गया। इसको कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
ट्रक पलटने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को शहर की तरफ से यू टर्न किया। शहर के अंदर से होकर निर्मल कुटिया चौक से होते हुए जीटी रोड पर वाहन चले। इससे शहर में जाम की स्थिति बनी रही। ट्रक पलटने के बाद दूसरी गाड़ी में बोरियां लोड करके ट्रक को उठवाया।
दोपहर बाद जीटी रोड पर वाहन सरपट दौड़े। इस मामले में सदर थाना के प्रभारी ललित कुमार का कहना है कि ट्रक पलटने की सूचना पर मौके पर पहुंचे और जाम से वाहनों को सुचारू रूप से चलवाने के लिए वाहनों का यू टर्न करवाया गया।