तरावड़ी में बासमती धान के दाम 6100 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच चुके हैं। पूसा-1121 ने भी वीरवार के मुकाबले शुक्रवार को 175 रुपये प्रति क्विंटल छलांग मारी। बासमती के दाम 6105 रुपये प्रति क्विंटल होने से किसान की हालत हरियाणा की कहावत ये दिन जाइयो ना और दिन आइयो ना जैसी बन गई है।
ठीक इसके विपरीत घाटे के डर से अधिकतर स्थानीय राइस मिलर्स ने बासमती की खरीद से अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। अब बासमती धान की खरीदारी विदेशी व्यापारी ही कर रहे हैं, जिन्होंने इस बार स्थानीय स्तर पर चावल मिलिंग के लिए राइस शेलर ठेके पर लिए हैं। इनमें सऊदी अरब की कई कंपनियां शामिल हैं। यह भी जानकारी मिली है कि यह विदेशी कंपनियां आठ हजार रुपये प्रति क्विंटल तक बासमती धान खरीदने के लिए तैयार बताई जा रही है और बासमती धान के दामों में तेजी लाने में भी इन विदेशी कंपनियों की अहम भूमिका रही है।
स्थानीय राइस मिलर्स का खरीद से हाथ पीछे खींचने के तर्क है कि आज मंडी से जो बासमती छह हजार रुपये से ऊपर बिक रही है और पूरे प्रोसेस के बाद इसका चावल 115 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से तैयार होगा, जिसे खरीदने के लिए शायद ही उपभोक्ता आगे आएं लेकिन स्थानीय राइस मिलर्स पूसा 1121 को खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। अभी उसके दाम बासमती के मुकाबले ठीक चल रहे है।
बासमती के दामों में लगातार आ रहे उछाल से चावल उद्योग के जानने वाले भी सकते में है क्योंकि उन्हें इस भाव खरीद करने के बाद क्या परिणाम होंगे, यह गणित समझ में नहीं आ रहा। किसान को बासमती धान का मूल्य बेशक रिकॉर्ड तोड़ मिल रहा हो लेकिन यह बात भी साफ है कि बासमती चावल अब आम आदमी की पहुंच से दूर हो गया है। इस तरह लगातार बासमती धान के दामों में इजाफा हो रहा है।
इससे लग रहा है कि चावल तैयार होने के बाद इसके दाम 125 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा रहने वाले हैं जो कि अभी तक 70 से 75 रुपये प्रति किलो बिक रहा था। उसके मुकाबले काफी अधिक होगा और महंगाई की पहले से मार झेल रहे लोगों द्वारा इसे सहन कर पाना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन होगा, क्योंकि सीधा सा गणित है कि धान से चावल तैयार होने की पूरी प्रक्रिया में धान के मुकाबले चावल आधा निकलता है।
बासमती के दाम बढ़ने से आम लोगों के बीच 1121 व सरबती चावल की मांग बढ़ने की संभावना है क्योंकि यह दोनो किस्में आम आदमी की पहुंच में है। इनके दाम भी 50 रुपये से 80 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहने की संभावनाएं है।