खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब विभाग को सूचना मिली कि राशन डिपो पर सप्लाई किये राशन में गड़बड़ी की जा रही है। डीएफएससी निशांत राठी ने तुरंत इंस्पेक्टरों को साथ लेकर सात से आठ राशन डिपो पर छापा मारा।
जांच में सभी राशन डिपो पर रिकॉर्ड दुरुस्त मिला है। डीएफएससी राठी ने बताया कि बुधवार को सूचना मिली थी कि चार ट्रकों में जुंडला से लोड होकर चले गेहूं में डिपो से पहले की गड़बड़ी की जा रही है। जहां-जहां गेहूं उतारा गया उन डिपो पर जाकर छापा मारा तो गड़बड़ नहीं मिली।
डीएफएससी निशांत राठी ने बताया कि डिपो होल्डर यशपाल, अमृतलाल, गुलशन बतरा, हंस बतरा, उषा तुली, मोहनलाल सहित अन्य डिपो को चेक किया गया। गेहूं सप्लाई के दौरान डिपो पर उतारते वक्त गेहूं की गुणवत्ता को परखा और तोल की जांच की गई। डीएफएससी निशांत राठी का कहना है कि सारा रिकॉर्ड दुरुस्त मिला और डिपो होल्डरों को हिदायतें दी गई हैं कि सारा राशन बांटा जाए। यदि राशन कार्ड धारकों की शिकायत सही मिली तो डिपो को रद्द कर दिया जाएगा। राशन डिपो पर किसी प्रकार की खामी व मिलीभगत सहन नहीं की जाएगी। इस दौरान विभाग के इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह सहित अन्य स्टाफ साथ रहा।