कान्हा के जन्मोत्सव पर वीरवार को कर्ण नगरी में जमकर बदरा बरसे। शहर की सभी सड़कें और गलियां पानी से लबालब हो गईं। बारिश ने जहां लोगों को गर्मी व उमस से राहत दिलाई, वहीं जन्माष्टमी को लेकर निकाली जा रही शोभायात्राएं व सजी स्टेज भी भीग गई। इससे कार्यक्रम आयोजन समितियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन देर शाम तक बारिश रुकने व मौसम साफ होने पर लोगों को काफी हद तक राहत मिली।
जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर ही मौसम ने यू टर्न ले लिया था, वीरवार को दोपहर तक सूर्य व बादलों के बीच लुका छिपी का खेल चलता रहा, लेकिन शाम को करीब चार बजे हवाओं का रुख पलटते ही मौसम का मिजाज भी बदल गया। हल्की बूंदाबांदी के बाद अचानक हुई झमाझम बारिश से शहर की सभी सड़कें व गलियाें में जलभराव हो गया। इससे लोगों का अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटो में आसमान में बादल छाए रहने व कहीं कहीं पर बूंदाबांदी होने का अनुमान जताया है।