घोघड़ीपुर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अब फाइनल स्टेज पर है। हालांकि, काम फिनिसिंग पर है। उधर, प्रशासन का कहना है कि इसे शुरू होने में अभी एक से डेढ़ माह का वक्त लग सकता है। ओवरब्रिज का निर्माण करने वाली कंपनी के पास अभी इस पुल को जनता के हवाले करने के लिए सितंबर 2017 तक टाइम है। लेकिन गेहूं का सीजन आने के कारण पुल का उद्घाटन समय से पहले ही हो सकता है। सीजन में पुल को चालू कराने के मुद्दे को लेकर आसपास के गांवों के किसान लामबंद होने लगे हैं। किसान अब एक एक करके सभी गांवों में संपर्क कर रहे हैं इस पुल को चालू कराने को लेकर सड़कों पर भी आ सकते हैं।
गेहूं का सीजन शुरू होेने के चलते किसानों के लिए पुल के शुरू होने में एक एक दिन की देरी महंगी पड़ रही है। ऐसे में किसानोें का गुस्सा सातवें आसमान पर है। आशंका तो यह भी जताई जा रही है कि जिस प्रकार नई सब्जी मंडी का उद्घाटन समय से पहले हो गया था। उसी प्रकार इस ओवरब्रिज का उद्घाटन भी हो सकता है। कुछ राजनीतिक लोग भी किसानों को समर्थन दे रहे हैं। सोमवार को आसपास के गांवों के किसानों ने पुल का मुआयना भी किया, इस दौरान कुछ राजनीतिक लोग भी उनके साथ थे। किसानों का कहना है कि पुल लगभग तैयार है, अगर प्रशासन और सरकार चाहे तो यह एक सप्ताह में चालू हो सकता है कि सौ गांवों के लोगों की समस्या समाप्त हो सकती है। किसानों ने बताया कि बड़ी समस्या गेहूं का सीजन है, आखिर वे किस रास्ते से मंडी में पहुंचेंगे। एक किसान नेता बताया कि पुल फाइनल स्टेज पर है, प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए, क्योंकि इसको लेकर अब किसानों में रोष है। क्योंकि फाटक बंद रहने के कारण उन्हेें मंडी में पहुंचने में काफी समय जाया करना पड़ेगा।
100 गांवों के लोग हैं परेशान
घोघड़ीपुर फाटक बंद होने की वजह से लाइन पार क्षेत्र के करीब सौ गांव के लोगाें को शहर आने जाने में परेशानी हो रही है। अब गेहूं का सीजन शुरू होने की वजह किसानों को अपनी उपज लेकर अनाज मंडी पहुंचने में भारी परेशानी हो रही है। किसानों को कई किलोमीटर का लंबा चक्कर काटकर आना पड़ रहा है। ऐसे में किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे ओवरब्रिज को चालू करवाने के लिए किसान कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत भी कर चुके हैं। लेकिन कंपनी के पास समय अवधि होने की वजह काम में लेटलतीफी हो रही है। लेकिन कुछ लोग किसानों की सहूलियत के लिए समय से पहले ही ओवरब्रिज के शुरू करने की बात कह रहे हैं। यदि ऐसा हुआ तो शहर में तकरार बढ़ सकती है।
123 करोड़ की लागत से बनेगा ओवरब्रिज
घोघड़ीपुर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण पर 123 करोड 23 लाख 123 रुपये खर्च हाेंगे। ओवरब्रिज के निर्माण कार्य पूरा करने की अवधि सितंबर 2017 है। इस ओवरब्रिज के शुरू होने से लाइनपार क्षेत्र के करीब सौ गांव के लोगों को राहत मिलेगी। अब तक फाटक व रेलवे लाइन की क्रासिंग पर लगने वाला समय भी बचेगा तथा किसानों के लिए शहर से गांव की दूरी भी कम होगी।
रेलवे ओवरब्रिज बना रही कंपनी के पास अभी सितंबर 2017 तक समय है। लेकिन पुल का निर्माण कार्य अब फाइनल स्टेज पर है। ऐसे में समय से पहले ही लोगों को ओवरब्रिज की सौगात मिलने की संभावना है। विभाग द्वारा एक से डेढ़ माह के भीतर ही पुल को शुरू किया जाएगा।
रमेश कुमार, एसई, पीडब्लयूडी एवं बीएंडआर, करनाल।