संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। सरसों और गेहूं पर छाई महंगाई को देखते हुए लोग खाद्यान्न स्टॉक करने लगे हैं। मार्केटिंग बोर्ड की टीम ने शहर की एक कॉलोनी में दो गोदामों में छापामारी कर एक गोदाम से भारी मात्रा में सरसों का स्टॉक बरामद किया है। मार्केटिंग बोर्ड की टीम ने दोनों स्टॉकिस्टों पर 1.60 लाख रुपये जुर्माना लगाकर और मार्केट फीस भी वसूली है। जिस तरह से बिना मार्केट फीस भरे स्टॉक किया गया है, इससे कालाबाजारी बढ़ेगी।
हरियाणा में अवैध तरीके से गेहूं व सरसों का स्टॉक लगाए बैठे लोगों पर कार्रवाई करने के लिए मार्केटिंग बोर्ड पंचकूला के मुख्य प्रशासक ने टीमों का गठन किया है। जिनका कार्य छापामारी कर स्टॉक को पकड़ना और संबंधित पर जुर्माना के साथ मार्केट फीस वसूलना है। इसी कड़ी में मंगलवार को नसीब विहार कॉलोनी में हसनपुर रोड पर मार्केटिंग बोर्ड की टीम ने एक आटा चक्की पर छापामारा। स्टॉक की जा की गई तो लगभग 100 क्विंटल अवैध गेहूं मिला है। आटा चक्की वाले के पास किसी तरह का लाइसेंस नहीं था। गेहूं की मार्केट फीस नहीं भरी थी। जिस पर टीम ने जुर्माना लगाया और मार्केट फीस भी वसूल की। इसके बाद टीम रेलवे लाइन के नजदीक एक गोदाम में पहुंची। यहां पर सरसों का भारी मात्रा में अवैध स्टॉक किया था। स्टॉक किसी अंकित ट्रेडिंग कंपनी के नाम से था, हालांकि इस व्यक्ति के पास लाइसेंस था, लेकिन इसने सरसों की मार्केट फीस नहीं भरी थी।
टीम की अगुवाई कर रहे एग्री बिजनेश मैनेजर विनोद कुमार ने बताया कि लोगों ने अवैध रूप से स्टॉक किया है। छापामारी के दौरान सरसों और गेहूं का स्टॉक मिला है। दोनों लोगों को जुर्माना लगाया गया है और मार्केट फीस भी वसूली है, दोनों से लगभग एक लाख 60 हजार का जुर्माना व मार्केट फीस भरवाई गई है।