संवाद न्यूज एजेंसी
निसिंग। घीड़ अनाज उप मंडी के बाद शुक्रवार को जुंडला अनाज मंडी में भी मार्केटिंग बोर्ड के मुख्य प्रशासक की देखरेख में सुबह ही करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पानीपत के जिला विपणन एवं प्रवर्तन अधिकारियों की टीमों ने छापा मारा। जांच शुरू की तो यहां भी हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय प्रशासक गगनदीप सिंह भी मौजूद रहे लेकिन देर रात तक आढ़त फर्मवार खरीद व उठान का मिलान करने का कार्य जारी रहा।
अधिकारी फिलहाल जांच पूरी के बाद ही कुछ कह पाने की बात कह रहे हैं लेकिन विभागीय सूत्र बताते हैं कि यहां भी घीड़ मंडी की तरह बड़े स्तर पर गड़बड़ी मिली है। जिससे अधिकारियों व कर्मचारियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
शुक्रवार दोपहर जुंडला अनाजमंडी में आढ़तियों के पास अब तक पहुंचे धान की जांच के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। इसमें जिला विपणन एवं प्रवर्तन अधिकारी हिसार निहाल सिंह, कुरुक्षेत्र के राजीव चौधरी, अंबाला के राधेश्याम शर्मा, करनाल के ईश्वर राणा, पानीपत के महावीर सिंह आदि शामिल हैं। पहले टीमों ने मंडी सचिव अजय संधू से कुल दुकानों की संख्या ली। मंडी में धान का काम करने वाली कुल 48 दुकानों को चारों टीमों में बांटा गया।
एक टीम के हिस्से में 12 दुकानों की जांच आई। दुकान नंबर एक से 12 तक धान के स्टॉक की जांच के लिए डीएमईओ राजीव चौधरी को लगाया गया। 13 से 24 तक की दुकानों जांच ईश्वर राणा, 25 से 36 तक दुकानों पर स्टॉक की जांच महावीर सिंह और 37 से 48 तक 12 दुकानों की जांच निहाल सिंह की टीम को सौंपी गई। सभी आढ़तियों की दुकानों पर पड़े धान का स्थलीय सत्यापन किया गया। जिसे राइस मिलों में लगे स्टॉक से मिलाया जाएगा। मंडी में दुकानों पर बिना बिकी ढेरियों को भी देखा गया। गेटपास भी जांचे गए।
दुकानें छोड इधर-उधर हुए आढ़ती व मुनीम
मंडी में जांच टीम का पता चलते ही आढ़तियों में हड़कंप मच गया। जांच के डर से घबराए आढ़ती व मुनीम दुकानें छोड़ दाएं-बाएं घूमते दिखाई दिए। टीम को लगातार कई दुकानों पर कोई नहीं मिला। बाद में प्रधान जोगिंद्र सिंह बंबरेहडी के समझाने पर आढ़तियों ने जांच में सहयोग किया। उसके बाद मंडी में अधिकारियों ने दुकानदारों से सीजन में उनके द्वारा अब तक बेचे गए धान का रिकार्ड लिया। मौके पर पड़े धान के बैगों की गणना कर रिकार्ड में मिलान किया।
उठान नहीं होने से आढ़ती परेशान
आढ़ती मायाराम ने कहा कि खरीद के शुरुआत में हैफेड ने उनकी दुकान से धान खरीदा था, जिसका आज तक उठान नहीं हुआ। जिससे उन्हें भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
अभी जुंडला अनाज मंडी में जांच का कार्य चल रहा है, जब तक सभी दुकानों व राइस मिलों के उठान का मिलान पूरा नहीं हो जाता, तब तक कुछ भी कहना ठीक नहीं होगा। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
- गगनदीप सिंह, क्षेत्रीय प्रशासक मार्केटिंग बोर्ड करनाल