करनाल शहर के सेक्टर-12 के लघु सचिवालय के सामने रविवार को आयोजित राहगीरी कार्यक्रम का खुमार बारिश में भी कम नहीं हुआ। ठंडे मौसम में लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। बरसात होने के कारण कार्यक्रम करीब डेढ़ घंटे ही चल पाया। विभिन्न गानों पर युवाओं ने डांस कर समा बांधे रखा। राहगीरी में आए युवाओं ने बरसात में जमकर साइकिल चलाई। सेक्टर-12 की सड़क पर बच्चों से लेकर बड़ों ने साइकिल दौड़ाई। सांझी साइकिल का भी लोगों ने लाभ उठाया। जिन लोगों ने रजिस्ट्रेशन कार्ड बनवा रखे थे उन्होंने सांझी साइकिल की सवारी की।
राहगीरी में करीब 30 लोगों ने सांझी साइकिल योजना का लाभ उठाया। राहगीरी में आए लोग इस योजना के बारे में पूछते दिखाई दिए। राहगीरों ने नगर निगम के इस प्रयास की काफी सराहना भी की। बरसात की फुहारों के बीच ही लोगों ने तीरंदाजी के गुर भी सीखे। लेकिन कुछ ही देर बाद हल्की बूंदाबांदी तेज बरसात में बदल गई और राहगीरी में आए लोग आसपास के भवनों की ओर दौड़ पड़े। बरसात आते ही डांस के मंच को छोड़कर सभी मंच बंद कर दिए गए। लेकिन युवा व बच्चे हिंदी, हरियाणवीं व पंजाबी गानों पर डांस करते रहे। डीजे की धुन पर राहगीरों ने जमकर मस्ती की।