संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। निसिंग नई अनाज मंडी में मंगलवार रात को जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विभाग के लगे गेहूं के स्टॉक पर पानी का छिड़काव करने का मामला सामने आया है। जिसमें जांच टीम ने मौके पर जाकर गेहूं के सैंपल लिए है और कहा है कि उन्हें पानी के छिड़काव के कोई सबूत नहीं मिले हैं।
ऐसे में जांच टीम के रिपोर्ट पर सवाल कई सवाल खड़े हो रहे हैं क्योंकि इस मामले से जुड़े कुछ फोटो और वीडियो भी सामने आए है। जिसमें साफ नजर आ रहा है कि निसिंग अनाज मंडी में लगे गेहूं के कट्टों पर पानी छिड़काव किया जा रहा था। फोटो में गेहूं के कुछ कट्टे भीगे नजर आ रहे हैं और पानी वाली पाइप भी साफ दिखाई दे रही है।
एक वीडियो में निसिंग अनाज मंडी की 312 नंबर दुकान का शटर आधा खुला हुआ दिखाई दे रहा है तो वहीं उस दुकान के समीप लगी पानी की टूंटी भी दिखाई दे रही है। जिसपर पाइप लगाकर गेहूं के कट्टों पर पानी का छिड़काव किया गया। वीडियो में करनाल नंबर की दो कारें भी नजर आ रही है। यह कार किसकी है। यह भी जांच का विषय है।
कहीं न कही जांच टीम ने फोटो और वीडियो के सबूतों को अनदेखा कर जांच रिपोर्ट तैयार कर दी है। हालांकि इस मामले में डीएफएससी अनिल कालड़ा का कहना है कि उनके पास जांच रिपोर्ट नहीं आई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। बता दें निसिंग अनाज मंडी में उस समय गेहूं के एक लाख 18 हजार के करीब गेहूं के कट्टे थे। जिनमें से फिलहाल 45 हजार के करीब कट्टे रह गए हैं बाकि कट्टे यूपी व दिल्ली भेज दिए गए हैं।
इस आधार पर होनी चाहिए जांच
- जांच टीम को इस मामले से जुड़ी फोटो व वीडियो को भी गंभीरता से लेना चाहिए।
- नई अनाज मंडी में लगे सीसीटीवी फुटेज भी चेक करनी चाहिए, रात को कौन कौन अनाज मंडी में आया।
- वीडियो में दिखाई दे रही दो कारों की भी जांच करनी चाहिए वह किसकी है।
- हो सकता है पानी का छिड़काव कम कट्टों पर हुआ हो, सुबह उन कट्टो को खुर्द बुर्द किया गया हो
- जांच टीम के आने से पहले ही भीगे गेहूं के कट्टों को ट्रक में लोड कर दिया हो।
- यदि पानी का छिड़काव नहीं हुआ है तो वह फोटो व वीडियो कहां की है, इसकी भी जांच होनी चाहिए।
निसिंग अनाज मंडी में गेहूं के स्टॉक पर मेरी ड्यूटी है। मैं रात को घर चला जाता हूं। गेहूं के कट्टों पर पानी का कोई छिड़काव नहीं किया गया है। जांच टीम ने गेहूं के सैंपल लेकर नमी की जांच कर ली है। पानी का छिड़काव होता तो गेहूं में नमी मिलती। - अनूप कुमार, निरीक्षक, डीएफएससी, करनाल।
डीएफएससी ने जांच टीम बनाई है। टीम ने मौके पर जाकर गेहूं के सैंपल लेकर नमी की जांच की गई है। सही मात्रा में नमी मिली है। मौके पर न तो पानी की पाइप मिली है और न ही पानी से कोई भी जगह गिली मिली है। इस मामले से जुड़ी मेरे पास कोई वीडियो नहीं आई है। यदि वीडियो है तो उसके आधार पर भी जांच की जाएगी। - राजीव, लांग्यान, एएफएसओ जांच टीम सदस्य।