संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन व सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को वेतन न मिलने को लेकर पांचवें दिन भी माल रोड स्थित सिंचाई विभाग के सर्किल कार्यालय के बाहर धरना दिया और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
वेतन न मिलने के कारण नाराज कर्मचारी नेताओं ने मंगलवार को कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी से चंडीगढ़ जाकर मुलाकात की। सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव सेवा राम ने बताया कि मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि चार से पांच दिनों में सभी कर्मचारियों का वेतन जारी कर दिया जाए।
हालांकि सेवा राम ने साफ किया कि जब तक वेतन नहीं मिलता, धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री ने आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द वेतन का भुगतान होगा, लेकिन हम तब तक धरना नहीं हटाएंगे, जब तक वेतन हमारे खातों में नहीं आ जाता।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों में भारी रोष है, क्योंकि विभाग काम तो करवा रहा है, लेकिन वेतन देने में लापरवाही बरत रहा है और वीरवार से यह धरना सुबह से लेकर शाम के पांच बजे तक रहेगे।