पिहोवा में तीन नकाबपोश युवकों द्वारा जडौला के समीप एक मोटरसाइकिल सवार से रिवाल्वर के बल पर उसका वाहन और नकदी छीनने का मामला सामने आया है।
वारदात के बाद लुटेरों ने मोटरसाइकिल सवार को खेतों में फेंक दिया। उसने वहां से किसी तरह निकल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत आसपास के क्षेत्र में वीटी मैसेज भेजा और नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश की, परंतु लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला।
गांव जंडौला निवासी ईश्वर ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा कि वह पिहोवा बस स्टैंड पर कार्य करता है। रात को वह अपनी ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहा था।
वह गांव अरनैचा से जंडौला जाने वाली सड़क पर चढ़ा तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसेे तेल लेने के बहाने रुकने को कहा। जैसे ही उसने अपनी मोटरसाइकिल को रोका तभी उनमें से एक व्यक्ति ने उसकी कनपटी पर रिवाल्वर तान कर उससे 10 हजार 850 रुपये, मोबाइल, पर्स व मोटरसाइकिल छीन ली।
इसके बाद लुटेरे उसे खेतों में फेंक कर फरार हो गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक तीनों युवकों ने मुंह पर रुमाल बांधा हुआ था। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।