संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। अनाज मंडी में उठान धीमा होने के कारण गेहूं के कट्टों के चट्टे लगे हैं। मंडी से शेड से अलग खुले में भी हजारों कट्टे गेहूं के पड़े हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि उठान जोरों पर कराया जा रहा है लेकिन धरातल पर हालात कुछ और हैं। अनाज मंडी करनाल सचिव संजीव कुमार ने बताया कि रविवार को खरीद बंद रहेगी। पूरा दिन उठान का कार्य चलेगा। दूसरी ओर उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि गत दिवस तक जिले की मंडियों व विभिन्न खरीद केंद्रों पर 7 लाख 14 हजार 465 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई, जिसे सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा खरीदा गया। एजेंसियों को उठान कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला की विभिन्न मंडियों एवं खरीद केंद्रों पर गत दिवस तक 7 लाख 14 हजार 465 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई। इसमें से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा 2 लाख 84 हजार 518 मीट्रिक टन, हैफेड द्वारा 3 लाख 69 हजार 169 मीट्रिक टन तथा हरियाणा वेयर हाउस कार्पोरेशन द्वारा 60 हजार 778 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई। व्यापारियों द्वारा 7 हजार 400 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया।