फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: जनता के नुमाइंदों ने विधानसभा में उठाईं कर्णनगरी वासियों की मांगें

विज्ञापन
विज्ञापन
असंध को जिला घोषित करने व औद्योगिक क्षेत्र बनाने पर दिया जोर, अवैध कॉलोनियों का नियमितीकरण बताया जरूरी
विज्ञापन

माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। चुनाव के पांच महीने बाद जनता के नुमाइंदों (विधायकों) ने विधानसभा में जनता के दर्द को साझा किया। समस्याओं का पिटारा खोलते हुए जनता के लिए सुविधाएं मांगी तो लगा कि अब विकास की रेल ट्रिपल इंजन की ताकत के साथ तीव्रगति से दौड़ेगी। भले ही करनाल में फार्मा पार्क की ओर से किसी का ध्यान नहीं गया हो, लेकिन जिला नागरिक चिकित्सालय के लिए भवन निर्माण, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण, असंध को जिला घोषित करने की मांग अथवा आईडीटीआरआई के ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के अधिकारों को तुरंत प्रभाव से समाप्त करने का मामला, क्षेत्र के विकास की कई अहम मांगें सदन में गूंजीं।
करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने बजट सत्र के दौरान अपने दो पिछले विधायकों के कार्यक्रम को भी प्रमाणित करते हुए कहा कि पिछले 10 सालों में करनाल क्षेत्र में कई विकास कार्य हुए हैं, लेकिन परिवर्तन और समय अनुसार, अभी और विकास कार्यों की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से करनाल को अपना दिल कहने पर धन्यवाद देते हुए मांगों की झड़ी लगा दी। विधानसभा बजट सत्र के सातवें दिन शून्यकाल में क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए सरकार से अनुरोध किया कि सत्र में उठाई गई समस्याओं का तय समय सीमा में समाधान हो ताकि करनाल विकास की गति से और तेजी से बढ़े।
विज्ञापन

असंध के विधायक योगेंद्र राणा ने सबसे पहले असंध को जिला घोषित करने की पुरानी मांग दोहराते हुए असंध में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई अहम मांगें रखीं। इतना ही नहीं, उन्होंने सत्र में रखी गई मांगों को दृष्टिगत रखते हुए असंध के विकास और जनता की मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के लिए विभिन्न परियोजनाओं के लिए आवश्यक बजट और नीतिगत निर्णय लेने की अपील की।
विज्ञापन

नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने बजट की सराहना करने में कोई कोरकसर नहीं रखी, इसके साथ-साथ क्षेत्र के लिए विकास के लिए कुछ मांगें भी रखीं। जिन पर ध्यान देते हुए शीघ्र उन्हें पूरा कराए जाने की बात कही।

असंध विधायक योगेंद्र राणा ने रखीं ये मांगें
- असंध हलके को शीघ्र जिला घोषित किए जाना चाहिए।
- करनाल-जींद रोड और कोहंड-असंध रोड को फोरलेन बनाया जाए।
- आपातकालीन चिकित्सा के लिए असंध में ट्रामा सेंटर की स्थापना हो।
- युवाओं में खेलों को आगे बढ़ाने के लिए दादूपुर में शूटिंग रेंज बने।
- असंध में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकारण का सेक्टर विकसित हो।
- औद्योगिक विकास के लिए असंध को औद्योगिक क्षेत्र घोषित किया जाए।
- असंध में महिलाओं के लिए स्वयं सहायता समूह प्रशिक्षण केंद्र खोला जाए।
- असंध विधानसभा में पशु रोग निदान प्रयोगशाला स्थापित किया जाए।
- असंध सब्जी मंडी को बेहतर सुविधाओं के लिए उचित स्थान पर शिफ्ट किया जाए।
- राहड़ा, मूनक और अरडाना गांवों के विकास के लिए महाग्राम योजना में शामिल हो।
- नए अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के रखरखाव के लिए अलग बजट का प्रावधान हो।
- कैनाल बेस्ड स्कीम बनाई जाए ताकि इन गांवों को नहरी पानी की सुविधा मिल सके।
- असंध में एथलेटिक, वॉलीबॉल, बास्केटबाॅल मैदान समेत खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाए।

विधायक जगमोहन आनंद ने ये रखीं मांगें

- पुराने शहर की ऑटो-स्कूटर मार्केट व कपड़ा मार्केट को शीघ्र शिफ्ट किया जाए।

- आईडीटीआरआई के ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के अधिकारों को तुरंत प्रभाव से समाप्त हो।

- बीपीएल परिवारों को लाभ की आय सीमा 1.80 लाख से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये हो।

- जिला नागरिक अस्पताल के नए भवन का शीघ्र निर्माण कराने की जरूरत।

- करनाल एयरपोर्ट के नवीनीकरण के कार्य को पूरा कराने की जरूरत।

- करनाल शहर की 26 अनधिकृत कॉलोनियों को शीघ्र नियमित हों।

- सेक्टर-9 अटल पार्क को जाने वाली सड़क पर अंडरपास बनाना।

- सेक्टर-6 व सेक्टर-12 फ्लाईओवर के नीचे जाम को देखते हुए एंट्री-एग्जिट प्वाइंट बनाना।


नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने रखीं मांगें
- पीएम आवास योजना में दिक्कतों को दूर कर पात्र लोगों की अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाए।
- अनाज मंडियों में कार्यरत छोटे व्यापारियों के लाइसेंस बनाए जाएं।
- जिला परिषद के अंतर्गत आने वाली सड़कों की स्थिति के बारे में जानकारी दी जाए।
- निसिंग कस्बे में जाम से निजात दिलाने के लिए बाईपास बनाया जाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें