नगर निगम परिसर में 15 जून तक मुख्य द्वार पर सुरक्षा कर्मियों का पहरा रहेगा। साथ ही आमजन के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। वहीं अधिकारियों और कर्मियों को सैनिटाइज होने के बाद ही प्रवेश की अनुमति होगी। अगर कोई व्यक्ति पैसा जमा कराने के लिए पहुंचता है तो उसे भी प्रवेश मिल सकेगा, लेकिन शिकायत या अन्य कार्य लेकर पहुंचा व्यक्ति अंदर नहीं जा सकेगा।
बुधवार विभाग की तरफ से संदेश आया कि 15 जून तक पब्लिक डीलिंग बंद करके कार्यालय का वर्क पूरा किया जाए। शाम को अधिकारियों ने इस विषय पर बैठक की और फैसला लिया कि वीरवार सुबह से 15 जून तक सुरक्षा कर्मियों को नियुक्त किया जाये और पब्लिक डीलिंग बंद रखी जाये। ऐसे में वीरवार को निगम कार्यालय पहुंचने वाले 500 लोगों में से करीब 150 को ही प्रवेश मिल सका, शेष को बैरंग लौटना पड़ा। इनमें निगम कर्मियों के अलावा वो लोग शामिल थे जो टैक्स या फिर किसी प्रकार का बिल जमा कराने पहुंचे थे। निगम में बनाए गए काउंटरों पर प्रॉपर्टी टैक्स, पानी-सीवरेज के बिल, किराया और डेयरी के लिए राशि जमा हुई।
विभाग की तरफ से 15 जून तक पब्लिक डीलिंग पर रोक लगाई गई है। इसी आदेश के तहत वीरवार से व्यवस्था की गयी है। आगामी आदेशों के साथ दोबारा से काम को शुरू कर दिया जाएगा।
-गगनदीप सिंह, ज्वाइंट कमीश्नर, नगर निगम।